रूसी तेल पर ट्रंप की भारत को कड़ी चेतावनी, टैरिफ बढ़ाने की दी धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि अगर भारत रूस से तेल खरीदने के मामले में अमेरिका का साथ नहीं देता, तो वे भारतीय उत्पादों पर और अधिक टैरिफ लगाएंगे।

रूसी तेल पर ट्रंप की भारत को कड़ी चेतावनी, टैरिफ बढ़ाने की दी धमकी

ट्रंप ने फिर एक बार भारत पर टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी है।

Share:

Highlights

  • ट्रंप का कहना है कि यदि भारत रूसी तेल खरीदने पर अमेरिका का साथ नहीं देता, तो वे भारतीय सामान पर टैरिफ लगाएंगे।
  • ट्रंप ने अगस्त 2025 में भारतीय सामानों पर टैरिफ बढ़ाकर 50% कर दिया था।
  • यदि ट्रंप फिर टैरिफ बढ़ाते हैं, तो भारत से अमेरिका जाने वाले उत्पाद महंगे हो जाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत को कड़े शब्दों में चेतावनी दे दी है। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि यदि भारत रूस से तेल खरीदने के मामले में अमेरिका का साथ नहीं देता, तो वे भारतीय उत्पादों पर और अधिक टैरिफ लगाएंगे। हैरान करने वाली बात है कि ट्रम्प ने इस चेतावनी के साथ भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी कर दी है। वॉशिंगटन लौटते समय पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वे मेरे अच्छे दोस्त हैं और वो जानते हैं कि मै खुश नहीं हूँ। उनके लिए मुझे खुश रखना ज़रूरी है। लेकिन भारत अब भी व्यापार कर रहा है।"

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका बहुत जल्द भारत पर और टैरिफ बढ़ा सकता है। ट्रंप प्रशासन का मानना है भारत भारी मात्रा में रूस से कच्चा तेल खरीदकर वहां की अर्थव्यवस्था की सहारा दे रहा है, जिससे रूस को यूक्रेन युद्ध जारी रखने में मदद मिल रही है। गौरतलब है कि ट्रंप ने अगस्त 2025 में भारतीय सामानों पर टैरिफ बढ़ाकर 50% कर दिया था। इसमें 25% दंड तो केवल इसलिए बढ़ाया गया था क्योंकि भारत रूस से कच्चा तेल खरीद रहा था। 

ट्रंप के साथ मौजूद अमेरिकी सेनेटर लिंडज़ी ग्राम ने दावा किया है कि भारतीय राजदूत ने उनसे अनुरोध किया कि वो ये संदेश राष्ट्रपति ट्रंप तक पहुंचाएं और भारतीय सामानों पर लगाए 25% टैरिफ से राहत देने की मांग करें। हालाँकि भारत का रूख हमेशा से यही रहा है कि वो अपनी ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर कभी समझौता नहीं करेगा। भारतीय विदेश मंत्रालय ने पहले भी ट्रंप के उन दावों को खारिज किया है, जिनमें कहा गया था कि भारत ने रूस से तेल खरीद बंद करने का वादा किया है।

आने वाले समय में यदि ट्रंप फिर टैरिफ बढ़ाते हैं, तो भारत से अमेरिका से जाने वाले स्मार्टफोन, दवाइयां, कपड़े आदि महंगे हो जाएंगे। हालांकि दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन रूसी तेल एक अड़चन बना हुआ है।

रिलेटेड टॉपिक्स