प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में केंद्रीय मंत्रिमंडल की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही कैबिनेट ने लोकसभा सीटों में 50% की बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी अपनी मुहर लगा दी है। इस फैसले के तहत अब सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50% तक बढ़ेंगी और परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बढ़ी हुई सीटों को अगले 25 वर्षों के लिए फ्रीज कर दिया जाएगा।
केंद्र सरकार का यह महत्वपूर्ण निर्णय 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले लिया गया है। ताजा घटनाक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (SS) ने भी एक व्हिप जारी किया है, जिसमें उसने अपने लोकसभा सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने और सोमवार, 30 नवंबर से गुरुवार, 3 दिसंबर, 2026 तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
विपक्ष की बैठक बुलाने की तैयारी में कांग्रेस
कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में भारत सरकार देश की जनता के खिलाफ एक बड़ा जाल बिछाना चाहती है। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे यही साजिश और योजना है। इस मामले पर विस्तार से चर्चा करने और आगे की रणनीति तय करने के लिए 'इंडिया' गठबंधन और अन्य विपक्षी दल कल सुबह 11.30 बजे एक बैठक करेंगे।"
महुआ माझी ने उठाए बहस और आंकड़ों पर सवाल
इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की राज्यसभा सांसद महुआ माझी ने भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा, "यदि सरकार के पास आवश्यक डेटा ही उपलब्ध नहीं है, तो वे परिसीमन की प्रक्रिया कैसे पूरी कर सकते हैं? इससे साफ पता चलता है कि नेताओं को तोड़ने की राजनीति फिर से शुरू हो गई है। हमें इस पूरी कवायद को लेकर कई आशंकाएं हैं। यह सत्र बेहद संक्षिप्त बुलाया गया है। ऐसे में यदि परिसीमन विधेयक लाने की कोशिश की जाती है, तो क्या लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को इस पर बहस करने का पर्याप्त मौका मिलेगा? यदि सदन में कोई बहस ही नहीं होगी, तो फिर इस संसद का क्या औचित्य है?"