संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के यूजीन में आयोजित हो रही वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप से भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय धावक मोहम्मद अशफाक ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए पुरूषों की 400 मीटर रेस के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने पहले राउंड की पांचवीं हीट में 45.81 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया और सेमी-फाइनल में प्रवेश किया। इस दौरान अशफाक ने 46.05 सेकंड का अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिसे उन्होंने बेंगलुरु के U20 फेडरेशन कप में बनाया था। उनके इस कीर्तिमान को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया।
X पर एक पोस्ट में AFI ने लिखा, "अशफाक ने रचा इतिहास! रिकॉर्ड टूटा! मोहम्मद अशफाक ने ओरेगन ट्रैक पर 45.81 सेकंड में दौड़ पूरी की, जो भारत के लिए एक नया नेशनल U20 रिकॉर्ड है और 400 मीटर के सेमी-फाइनल में जगह बनाई! दुनिया के बेहतरीन एथलीटों के बीच हुई कड़ी टक्कर वाली हीट में दूसरा स्थान हासिल करके, इस युवा खिलाड़ी ने इतिहास रचने वाली दौड़ के साथ सबसे बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई। यह नाम याद रखें। रिकॉर्ड अब उनके नाम है। और उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है।"इसके बाद, उन्होंने सेमी-फाइनल में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 46.00 सेकंड में रेस पूरी करके फाइनल में जगह पक्की की।
AFI ने इसकी भी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "अशफाक फाइनल में! रिकॉर्ड तोड़ने वाले से फाइनलिस्ट तक का सफ़र! मोहम्मद अशफाक ने सेमी-फाइनल 3 में जबरदस्त संयम दिखाया, 46.00 का समय निकाला और तीसरा ऑटोमैटिक स्पॉट हासिल किया। भारत वर्ल्ड U20 400m फाइनल में पहुँच गया है! नेशनल U20 रिकॉर्ड (45.81) तोड़ने के कुछ ही दिनों बाद, यह युवा क्वार्टर-माइलर अब दुनिया के 8 सर्वश्रेष्ठ एथलीटों के बीच खड़ा है। शांत। निडर। अजेय।" अशफाक के अलावा पुरूषों की हाई जम्प स्पर्धा में भारत के बसंत ने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। उन्होंने 2.14 मीटर की जम्प लगाकर ये कारनामा कर दिखाया।