आम आदमी पार्टी (AAP) को आज एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने AAP छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, पवन खेड़ा और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन भी उपस्थित थे। प्रियंका के अलावा, उत्तर प्रदेश की मांट विधानसभा सीट से पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा और रजत राकेश टंडन भी आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।
इस घटनाक्रम की कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए डॉ. हुसैन ने लिखा, "आज, AICC मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, CWC सदस्य राजीव शुक्ला और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ मिलकर, हमने नई दिल्ली स्थित AICC ऑफिस में प्रियंका कक्कड़, श्याम सुंदर शर्मा और रजत राकेश टंडन का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। प्रियंका कक्कड़ AAP की पूर्व मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और सुप्रीम कोर्ट में सीनियर एडवोकेट हैं। श्याम सुंदर शर्मा उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक हैं, जबकि रजत राकेश टंडन को पत्रकारिता में दो दशकों से ज्यादा का अनुभव है और वे स्वतंत्रता सेनानी पुरुषोत्तम दास टंडन के परिवार से आते हैं। हम कांग्रेस परिवार में उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हैं।"
बता दें कि श्याम सुंदर शर्मा 1989 से 2012 तक और फिर 2017 से 2022 तक मांट से विधायक रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वो कांग्रेस के अलावा ऑल इंडिया इंदिरा कांग्रेस-तिवारी (AIIC-T), अखिल भारतीय लोकतांत्रिक कांग्रेस (ABLC), तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) का भी हिस्सा रहे हैं। अब वे फिर से कांग्रेस में लौट आए हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका ने कहा कि मुझे वही दिल्ली वापस चाहिए जिसमें मैं बड़ी हुई। एक ऐसी हरी-भरी, साफ-सुथरी, प्रगतिशील और सुरक्षित दिल्ली जो मेरे पालन-पोषण का हिस्सा थी।
भारतीय राजनीति में एक दशक से ज्यादा के अनुभव के बाद मेरा सच में मानना है कि सिर्फ कांग्रेस ही ऐसा कर सकती है। मैंने यह भी देखा है कि अगर आज हमारे देश की राजनीति में कोई नेता सच में ईमानदार है और ईमानदारी को बढ़ावा देने से नहीं डरता, तो वह राहुल गांधी हैं। वे आज ऐसे इकलौते नेता हैं जिन्होंने कैमरे के सामने कभी आंसू नहीं बहाए और उन्हें नीचा दिखाने या अपमानित करने के लिए पूरी मशीनरी लगाए जाने के बावजूद वे मजबूती से डटे रहे। उनके अनुसार, AAP अपने सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई है। उन्होंने जो भी वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया है।