अमन सहरावत ने 57kg फ्रीस्टाइल कुश्ती में जीता स्वर्ण, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी हासिल किया गोल्ड

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। महिला टीम की तरह ही पुरुष टीम ने भी इस प्रतियोगिता में सोने पर कब्जा जमाया। हॉकी इंडिया के मुताबिक, इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल करके टीम का नेतृत्व किया, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने भी भारत के लिए एक-एक गोल दागा।

अमन सहरावत ने 57kg फ्रीस्टाइल कुश्ती में जीता स्वर्ण, भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी हासिल किया गोल्ड

भारत के खाते में अब कुल 21 स्वर्ण पदक आ चुके है।

Share:

Highlights

  • अमन सहरावत ने फाइनल में उत्तर कोरिया के हान चोंग-सोंग को 11-7 से हराया।
  • दीपक पूनिया ने पुरुषों के 97kg फ्रीस्टाइल कुश्ती मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
  • नीरज चौहान ने पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी इवेंट में धीरज बोम्मादेवरा को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स का केवल एक दिन शेष है। इसी बीच, भारत ने एक और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। भारत के अमन सहरावत ने पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57kg कुश्ती स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में उत्तर कोरिया के हान चोंग-सोंग को 11-7 से हराया। वहीं भारत के दीपक पूनिया ने पुरुषों के 97kg फ्रीस्टाइल कुश्ती मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उन्होंने मंगोलियाई पहलवान गनखुयाग गनबातार को 2-1 से हराया।

अमन को X पर बधाई देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की फ्रीस्टाइल 57kg कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतने पर हमारे ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सहरावत को बहुत-बहुत बधाई। फाइनल में उत्तर कोरिया के चोंग सोंग हान को हराकर, अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 के अपने ब्रॉन्ज मेडल को गोल्ड मेडल में बदल दिया है। इन खेलों में यह भारत का 20वां गोल्ड मेडल है, जो पूरे देश के लिए गर्व का पल है। आपका साहस, दृढ़ संकल्प और लड़ने का जज्बा हर भारतीय को प्रेरित करता है। जय हिंद।"

इससे पहले, भारत के नीरज चौहान ने पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी इवेंट में अपने ही देश के धीरज बोम्मादेवरा को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भारत के राष्ट्रपति के X अकाउंट से एक संदेश साझा किया गया। राष्ट्रपति ने ब्रॉन्ज जीतने पर नीरज चौहान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में दोनों ही तीरंदाज भारतीय थे, जो भारतीय रिकर्व आर्चरी के लिए एक बेहद खास पल था। उन्होंने आगे कहा कि नीरज का यह मेडल गेम्स में इंडिविजुअल रिकर्व पोडियम पर भारत की मजबूत मौजूदगी को और बढ़ाता है और यह भारतीय आर्चरी के लिए बड़े गर्व की बात है। इसके साथ ही, राष्ट्रपति ने उन्हें भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। महिला टीम की तरह ही पुरुष टीम ने भी इस प्रतियोगिता में सोने पर कब्जा जमाया। हॉकी इंडिया ने X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम एक बार फिर चैंपियन बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि भारत ने एशियन गेम्स के फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से मात देकर अपना खिताब बरकरार रखा है और लगातार स्वर्ण पदक जीतकर एक नया इतिहास रच दिया है।

हॉकी इंडिया के मुताबिक, इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल करके टीम का नेतृत्व किया, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने भी भारत के लिए एक-एक गोल दागा। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि मौजूदा चैंपियन भारत ने एक बार फिर एशिया में अपना दबदबा साबित किया है। यह एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी का पांचवां स्वर्ण पदक है, जिसके साथ ही टीम ने LA 2028 ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है।

रिलेटेड टॉपिक्स