अमित शाह का कांग्रेस पर वार, वंदे मातरम के दो टुकड़े कर देश के बंटवारे की रखी नींव

अमित शाह ने कहा कि, "मैं पूरे देश को याद दिलाना चाहता हूं, 1937 में कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदे मातरम के दो टुकड़े कर देश के विभाजन की नींव डाली थी और वहीं से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत को ताकत मिली थी। अंततोगत्वा देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान का जन्म हुआ।"

अमित शाह का कांग्रेस पर वार, वंदे मातरम के दो टुकड़े कर देश के बंटवारे की रखी नींव

अमित शाह के अनुसार वंदे मातरम के बंटवारे की गलती का देश भुगत चुका है अंजाम।

Share:

Highlights

  • वोट-बैंक की खातिर वंदे मातरम का अपमान, बंकिम बाबू की अमर कृति और देश के शहीदों का अनादर।
  • अमित शाह की देशवासियों से अपील कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति के खिलाफ हों एकजुट।
  • कांग्रेस का पलटवार पेपर लीक और चीन की घुसपैठ जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश।

राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच तनातनी जारी है। आज केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी की कार्यसमिति ने एक आश्चर्यजनक और देशविरोधी फैसला लिया है। उन्होंने अपनी पार्टी के 1937 के रिजॉल्यूशन को फॉलो करते हुए महान वंदे मातरम् गीत के दो ही छंद गाने का फैसला लिया है। मैं पूरे देश को याद दिलाना चाहता हूं, 1937 में कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए वंदे मातरम के दो टुकड़े कर देश के विभाजन की नींव डाली थी और वहीं से द्वि-राष्ट्र सिद्धांत को ताकत मिली थी। अंततोगत्वा देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान का जन्म हुआ। 

आज जब उस ऐतिहासिक गलती को वंदे मातरम गीत के प्राकट्य के 150वें साल में सुधार कर बंकिम बाबू की इस अमर कृति को पूरा गीत गाकर राष्ट्रीय एकात्मता को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है, और सभी सरकारी कार्यक्रमों में इसे पूर्ण रूप से गाने का निर्णय किया गया है और इस निर्णय को कानूनी जामा भी पहनाया गया है। इसी की अवहेलना करने का निर्णय कांग्रेस ने कल किया है। कांग्रेस का यह निर्णय केवल और केवल इनकी घोर तुष्टिकरण की नीति की पुष्टि करता है। 

वोट बैंक के लिए इन्होंने न सिर्फ बंकिम बाबू की इस अमर कृति का अपमान किया, बल्कि उन लाखों शहीदों का भी अपमान किया, जो वंदे मातरम का नारा लगाते हुए देश की आजादी के लिए फांसी पर चढ़ गए। आज कांग्रेस पार्टी 1937 के अपनी पार्टी के रिजॉल्यूशन को मान रही है और पार्लियामेंट के एक्ट को नकार रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी फिर एक बार तुष्टिकरण की राजनीति को पुरजोर तरीके से आगे बढ़ा रही है। अमित शाह ने कहा कि वंदे मातरम के टुकड़े करने की गलती एक बार हो चुकी और देश उसके परिणाम भुगत चुका। उन्होंने देशवासियों से यह अपील की है कि एकजुट होकर कांग्रेस के इस तुष्टीकरण के खिलाफ आवाज बुलंद करें।

वंदे मातरम पर कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) के प्रस्ताव को लेकर BJP द्वारा कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाने पर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "हम 1937 से, यानी 90 से ज्यादा सालों से वंदे मातरम गाते आ रहे हैं। हमारे लिए इसमें नया क्या है? BJP आजादी  की लड़ाई का हिस्सा नहीं थी। वंदे मातरम आजादी की लड़ाई का हिस्सा था। यह हमारे लिए भावनात्मक है, लेकिन उनके लिए राजनीतिक है। वे पेपर लीक, चंदे की चोरी और अरूणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहते हैं।

रिलेटेड टॉपिक्स