एशियन गेम्स : भारतीय शेरों ने पाकिस्तान को पछाड़कर क्रिकेट में जीता लगातार दूसरा स्वर्ण पदक

निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए पुरुष क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारतीय शेरों ने पाकिस्तान को 19 रन से धूल चटाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत की बदौलत भारत ने क्रिकेट के पुरुष और महिला दोनों ही इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप कर लिया है।

एशियन गेम्स : भारतीय शेरों ने पाकिस्तान को पछाड़कर क्रिकेट में जीता लगातार दूसरा स्वर्ण पदक

2022 के बाद भारतीय टीम ने 2026 एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत लिया है।

Share:

Highlights

  • ओपनर अभिषेक शर्मा ने गजब का फॉर्म दिखाते हुए 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।
  • अंतिम ओवरों में तिलक और शिवम ने मोर्चा संभाला और मैदान पर की चौकों-छक्कों की बरसात।
  • पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने सबसे अधिक 96 रन बनाए।

जापान के आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में आखिरकार वह ऐतिहासिक पल आ ही गया, जिसका करोड़ों फैंस को इंतजार था। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए पुरुष क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारतीय शेरों ने पाकिस्तान को 19 रन से धूल चटाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत की बदौलत भारत ने क्रिकेट के पुरुष और महिला दोनों ही इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप कर लिया है।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, हालांकि टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 9 गेंदों में 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भी इस बड़े मैच में फ्लॉप रहे और महज 2 रन बनाकर चलते बने। फाइनल मुकाबले में ओपनर अभिषेक शर्मा ने गजब का फॉर्म दिखाते हुए 61 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी इस धमाकेदार बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के जड़े।

हालांकि, उनके आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई। कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंद, 21 रन) और ईशान किशन (18 गेंद, 20 रन) ने धीमी पारियां खेलीं। लेकिन अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा (51)* और शिवम दुबे (27) ने मोर्चा संभाला और मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। इन दमदार प्रदर्शनों की बदौलत भारत ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास और अहमद दानियाल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सैम अयूब और अबरार अहमद ने एक-एक विकेट हासिल किया।

212 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान साहिबजादा फरहान (10), विकेटकीपर उस्मान खान (3) और माज सदाकत (23) सस्ते में पवेलियन लौट गए, जिससे टीम एक समय 39 रन पर 3 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। ऐसे संकट के समय हसन नवाज (96) और सैम अयूब (29) ने मोर्चा संभाला और चौथे विकेट के लिए 87 रनों की साझेदारी की। जब तक हसन क्रीज पर थे, तब तक मैच फंसा हुआ लग रहा था। हालांकि, अयूब और अब्दुल समद (9) के आउट होते ही भारतीय टीम ने मैच में वापसी की।

आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रनों की दरकार थी और कप्तान ने गेंद शिवम को सौंपी, जो अपने पिछले ओवर में 16 रन लुटा चुके थे। लेकिन, शिवम ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए अंतिम ओवर में केवल 13 रन दिए और भारत की झोली में एक शानदार जीत डाल दी। साद मसूद 12 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर सिर्फ 192 रन ही बना सका। भारत के लिए अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए। इसके साथ ही, 2022 में जीत हासिल करने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने 2026 एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत लिया है।

रिलेटेड टॉपिक्स