जापान के आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स से भारत के लिए एक और अहम खबर आई है। भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को सेमीफाइनल में चीन से 1-3 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा। बैडमिंटन टीम इवेंट में यह भारत का लगातार दूसरा मेडल है। भारतीय टीम ने पिछले एशियन गेम्स में भी सिल्वर मेडल जीता था। लक्ष्य सेन के शुरुआती मुकाबला हारने के बाद, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने दूसरा मुकाबले जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया।
हालाँकि, आयुष शेट्टी और हरिहरन अमसाकरुनन-एमआर अर्जुन की जोड़ी अपने-अपने मुकाबले हार गई, जिससे चीन फाइनल में पहुँच गया। लक्ष्य सेन शी युकी से 21-16, 21-18 से हार गए। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष डबल्स में लियांग वेइकेन्ग और वांग चांग को 21-11, 22-20 से हराकर भारत की इकलौती जीत दर्ज की। आयुष शेट्टी को ली शिफेंग के हाथों 21-19, 21-13 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं हरिहरन-अर्जुन की जोड़ी हे जी टिंग और लियू यी से 21-16, 17-21, 21-9 से हार गई।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने X पर एक पोस्ट के जरिए भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बधाई दी और बताया कि टीम ने 40 साल बाद एशियन गेम्स में लगातार मेडल जीतकर इतिहास को बेहद शानदार तरीके से दोहराया है और देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है। अपनी एक अन्य पोस्ट में BAI ने टीम के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि 20वें एशियन गेम्स में मेडल पक्का करने पर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने आगे कहा कि पूरी टीम ने कोर्ट पर शानदार खेल और जबरदस्त जज्बा दिखाया है।
भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने बांग्लादेश पर 48-25 की एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जिससे देश का एक और पदक सुनिश्चित हो गया है। वहीं, वुशु रिंग से भी भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। रोशिबिना देवी महिलाओं के 60 किग्रा इवेंट के फाइनल में पहुँच गई हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को मात दी। इस शानदार जीत के साथ रोशिबिना ने देश के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है।