विधानसभा उपचुनाव : पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम-रेजिनगर, असम के नगांव में भाजपा आगे, तमिलनाडु में TVK का दबदबा

हाल ही में पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर, तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम, तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव संपन्न हुए थे। इसके अतिरिक्त, असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के मतों की गिनती भी आज की जा रही है।

विधानसभा उपचुनाव : पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम-रेजिनगर, असम के नगांव में भाजपा आगे, तमिलनाडु में TVK का दबदबा

पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा ने और तमिलनाडु में TVK ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

Share:

Highlights

  • नगांव सीट पर भाजपा के देवाशीष शर्मा फिलहाल 80,671 वोटों की बढ़त बनाए हुए है।
  • पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर AINRC के अशोक आनंद 8,482 वोटों के अंतर से विजयी हुए है।
  • नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हासिरानी रथ 31,943 वोटों की बढ़त के साथ शीर्ष पर है।

भारतीय राजनीति के गलियारों से बड़ी खबर सामने आई है। आज देश के दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा सीटों के साथ-साथ एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों के नतीजों का दिन है। हाल ही में पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजिनगर, तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम, तथा पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव संपन्न हुए थे। इसके अतिरिक्त, असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के मतों की गिनती भी आज की जा रही है। 

नगांव सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के देवाशीष शर्मा फिलहाल 80,671 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक हुई मतगणना में उन्हें कुल 1,87,701 वोट मिल चुके हैं। वहीं, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के बदरुद्दीन अजमल 1,07,030 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि कांग्रेस की सिबमोनी बोरा 30,518 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर चल रही हैं। 

तमिलनाडु की मदुरांतकम सीट पर पांचवें राउंड की मतगणना के बाद तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) की के. मरागाथम कुमारवेल 6,238 वोटों से आगे चल रही हैं। अब तक हुई वोटिंग में उन्हें कुल 20,067 वोट मिले हैं। वहीं, द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के आई. परांथामेन 13,829​ वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) की एस. कनिथासंपथ 11,442 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। कुल 21 राउंड की मतगणना होनी है। 

दसवें राउंड के बाद, तमिलनाडु की धारापुरम सीट पर TVK की सत्यभामा.पी 4,128 वोटों से आगे चल रहीं हैं। अब तक हुई मतगणना में उन्हें कुल 27,649 वोट मिल चुके हैं। AIADMK की भानुमति के 23,521 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। DMK की सुगन्या एस. 22,503 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर चल रही हैं। इस सीट पर कुल 23 राउंड की मतगणना होनी है।

पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट के चुनावी नतीजे घोषित हो चुके हैं। यहाँ ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) के अशोक आनंद 8,482 वोटों के अंतर से विजयी हुए हैं। कुल 4 राउंड की मतगणना के बाद उन्हें 13,358 वोट मिले। वहीं, कांग्रेस के ई. विनायगम 4,876 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि DMK के के. सेतुसेल्वम को 2,664 वोटों के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

पश्चिम बंगाल की रेजिनगर सीट पर तीसरे राउंड की मतगणना के बाद BJP के शाखारव सरकार 20,257 वोटों की बढ़त के साथ शीर्ष पर हैं। अब तक हुई काउंटिंग में उन्हें कुल 28,366 वोट मिल चुके हैं। वहीं, हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के गुलाम नबी आजाद (रॉबिन) 8,109 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल काफी 1,705 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (MAITC) के प्रत्याशी रबीउल आलम चौधरी अब तक मात्र 1,286 वोट और डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस (DTC) के सैफुज्जमां शेख केवल 490 वोट ही हासिल कर पाए हैं। इस सीट पर कुल 15 राउंड की मतगणना होनी है।

हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम सीट पर चौथे राउंड की मतगणना के बाद BJP की हासिरानी रथ 31,943 वोटों की बढ़त के साथ शीर्ष पर हैं। अब तक हुई काउंटिंग में उन्हें कुल 43,655 वोट मिल चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के मिलन प्रधान 11,712 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) के शांति गोपाल गिरी 1,654 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। गौरतलब है कि ममता बनर्जी गुट की प्रत्याशी संचिता प्रधान (डे) ने इस सीट से अपना नामांकन वापस ले लिया था। दूसरी तरफ, DTC के एहतेशमुल हक को अब तक सिर्फ 229 वोट ही मिले हैं। इस सीट पर कुल 15 राउंड की मतगणना होनी है।

रिलेटेड टॉपिक्स