विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां काफी बढ़ चुकी हैं। हाल ही में Matrize और अन्य पोलिंग एजेंसियों जारी किए गए ओपिनियन पोल्स ने चुनावी माहौल में थोड़ी और गर्माहट ला दी है। इस सर्वे में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरलम जैसे राज्यों की राजनीतिक तस्वीर साफ करने की कोशिश की गई है। इसके मुताबिक, कहीं पर पुरानी सत्ता की वापसी के संकेत हैं, तो कही पर मामला इतना नजदीकी है कि चुनाव नतीजों के दिन ही पता चल पाएगा कि विजेता कौन है। फिलहाल एक नजर हर राज्य के सर्वे पर।
जिक्र करें असम का, तो इस राज्य में BJP-NDA की जीत की हैट्रिक बनती दिख रही है। सभी ओपिनियन पोल्स के मुताबिक, NDA न्यूनतम 82 और अधिकतम 98 सीटों पर जीत हासिल कर रहा है। हालांकि ये संख्या यदि 100 या उससे अधिक भी रहती है, तो भी किसी को हैरानी नहीं होगी। इस राज्य में बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है, जो NDA को आसानी से मिलता दिख रहा है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 26 से 40 सीटें मिलने की संभावना है। अन्य दलों के खाते में 2 से 8 सीटें जा सकती हैं।
भारत के सबसे दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में तो मुकाबला बहुत ज्यादा ही नजदीक है। कुछ जगहों पर DMK के नेतृत्व वाले SPA गठबंधन की सरकार बनती दिख रही है, तो कहीं पर AIADMK वाले गठबंधन का पलड़ा भारी दिख रहा है। जहां SPA कम से कम 90 और अधिक से अधिक 189 सीटें जीतता नजर आ रहा है, वहीं AIADMK+ के न्यूनतम 38 और अधिकतम 140 सीटों पर विजयी होने की संभावना है। तमिल सुपरस्टार जोसेफ विजय की पार्टी TVK भी 2 से 12 सीटों पर प्रभावी नजर आ रही है।
बात करें पश्चिम बंगाल की, तो सर्वे के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC लगातार चौथी बार सरकार बनाती हुई नजर आ रही है। IANS-Matrize के मुताबिक, उन्हें इस चुनाव में 155-170 सीटें मिल रही हैं। कुछ अन्य पोल्स का जिक्र करें तो, Chanakya Strategies ABP News के अनुसार, उन्हें 155-165, Matrize-ABP News Opinion Poll के मुताबिक 140-160, VoteVibe CNN-News18 के मुताबिक 184-194 और उन्हीं के दूसरे ओपिनियन पोल के मुताबिक 169-179 सीटें मिलने जा रही हैं। पश्चिम बंगाल में स्पष्ट बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है, जो इन पोल्स के मुताबिक, TMC को आसानी से मिलता दिखाई दे रहा है।
हालांकि इस बार BJP भी पहले से अधिक मजबूत दिखाई दे रही है। Matrize-ABP News Opinion Poll के मुताबिक, BJP 130-150 सीटें हासिल करने जा रही है। वहीं Chanakya Strategies ABP News के मुताबिक, राज्य में BJP की सीटों का आंकड़ा 110-115 सीटों के बीच रहेगा। बात करें IANS-Matrize की, तो उनके अनुसार BJP 100-115 सीटें जीतेंगी। इनके अलावा VoteVibe CNN-News18 की मानें, तो सीटों की संख्या 98-108 और उन्हीं के दूसरे सर्वे के मुताबिक, 113-123 सीटें BJP के खाते में जाती दिख रही हैं। अन्य दलों की बात करें तो ये सभी पोल्स को मिलाकर ये आंकड़ा 5 से 16 सीटों के बीच ही है। यानी मुकाबला TMC-BJP के बीच ही है। कुछ जानकारों का ये भी कहना है कि BJP को राज्य में सरकार बनाने के लिए इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा।
केरलम पर नजर डालें, तो अलग-अलग ओपिनियन पोल्स के मुताबिक, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच बड़ा कड़ा मुकाबला है। यहां स्पष्ट बहुमत के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है। सभी अनुमानों को मिलाकर, जहां LDF 57 से 90 सीटों पर जीत हासिल करती नजर आ रही है, वहीं UDF का 50 से 81 सीटों पर विजयी होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखकर बताया जा सकता है कि अब भी LDF विपक्षी दलों से बेहतर है। हालांकि इस बार BJP के नेतृत्व वाला नेशनल डेमोक्रेटिक अलायन्स (NDA) भी काफी कॉन्फिडेंट नजर आ रहा है। ओपिनियन पोल्स के मुताबिक तो वे अधिकतम 8 सीटें ही हासिल कर रहे हैं, लेकिन इस बार संभावना जताई जा रही है कि वे डबल डिजिट पर भी पहुंच सकते हैं।
इन सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। हालांकि ओपिनियन पोल्स केवल अनुमान ही होते हैं और असली रिजल्ट तो वोटिंग मशीन से ही निकलेगा। लेकिन तब भी इन अनुमानों ने सभी राजनीतिक दलों की दिल की धड़कनें जरूर बढ़ा दी होंगी। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में नजदीकी मुकाबलों ने इन चुनावों को बहुत अधिक रोचक बना दिया है।