गणेश चतुर्थी पर घरों और पंडालों में गणपति बाप्पा की स्थापना के साथ ही गणेशोत्सव का पावन पर्व आरंभ हो चुका है। भक्तगण विघ्नहर्ता का आशीर्वाद पाने के लिए मंदिरों व पंडालों में उमड़ रहे हैं। इसी क्रम में, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन महाराष्ट्र के दौरे पर हैं और वे मुंबई व पुणे के प्रमुख गणेश मंदिरों एवं पंडालों के दर्शन कर रहे हैं। मुंबई पहुँचने पर नितिन नबीन ने कहा कि BJP अध्यक्ष के तौर पर महाराष्ट्र की पवित्र भूमि पर यह उनका प्रथम आगमन है। यह बहुत ही शुभ दिन है। गणपति बाप्पा की पूजा का उत्सव केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरा देश मना रहा है।
ऐसे समय मेरा महाराष्ट्र में आना मेरे लिए भी सौभाग्य की बात है। ये पवित्र भूमि, छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि है और उनके आशीर्वाद से हम सब आगे बढ़ रहे हैं। जब आप कहते हैं कि जय भवानी, जय शिवाजी! तो पूरी भारतीय संस्कृति का उद्घोष और भारतीय परंपराओं का उद्घोष उसमें दिखता है। नितिन नबीन ने प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और BJP मुंबई अध्यक्ष अमित साटम समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे। इसके बाद, उन्होंने लालबाग चा राजा के दर्शन किए और भगवान का आशीर्वाद लिया।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सिद्धिविनायक मंदिर के बाद, लालबाग चा राजा के दर्शन करना मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है। मैंने महाराष्ट्रवासियों और देशवासियों के लिए प्रार्थना की। BJP की प्रेस रिलीज के अनुसार, वह मालाबार हिल में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर जाकर वहाँ स्थापित गणेश प्रतिमा के दर्शन करेंगे। इसके बाद, वह मालाबार हिल में ही स्थित उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के सरकारी आवासों पर जाकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करेंगे। वह पुणे के मशहूर 'श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति मंडल' भी जाएँगे और भगवान का आशीर्वाद लेंगे तथा पूजा-अर्चना करेंगे।