भारतीय क्रिकेट से एक बड़ी खबर सामने आई है। श्रीलंका के खिलाफ 15 से 27 अगस्त तक होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए, चोटिल जसप्रीत बुमराह की जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। यह भारतीय टीम में उनका पहला बुलावा है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान घुटने में लगी चोट से पूरी तरह ठीक न हो पाने के कारण बुमराह को टीम से बाहर होना पड़ा। जानकारी के लिए बता दें कि, आकिब नबी ने 2025-26 सीजन में जम्मू-कश्मीर को उनका पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 10 मैचों में 60 विकेट लिए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।
आकिब ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी डेब्यू किया है। 2026 में, उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए 5 मैच खेले, लेकिन अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। हाल ही में, इंडिया A के लिए खेलते हुए आकिब ने 2 फर्स्ट-क्लास मैचों में 6 विकेट हासिल किए। जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आकिब को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने X पर लिखा, "श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने पर जम्मू-कश्मीर के युवा क्रिकेटर आकिब नबी को बहुत-बहुत बधाई। खेल के प्रति आपके समर्पण, लगन और जुनून की वजह से ही आपको यह गौरवपूर्ण पल मिला है। जब आप राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर देश का मान बढ़ाएंगे, तो हम आपके लिए बड़ी सफलता की कामना करते हैं।"
आकिब नबी के अब तक के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने 43 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं, जिनमें 18.63 के औसत और 2.90 की इकॉनमी रेट से 162 विकेट लिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने 36 लिस्ट-ए मैच खेले हैं, जिनमें 27.37 के औसत और 5.20 की इकॉनमी रेट से 56 विकेट लिए हैं। भारतीय क्रिकेट फैंस उम्मीद करेंगे कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन करें और अपने देश के लिए मैच जिताएं।