आगामी IPL सीजन के लिए ऑस्ट्रेलियाई लीजेंड मैथ्यू हेडन बने गुजरात टाइटंस के बैटिंग कोच

गुजरात टाइटंस ने बल्लेबाजी को और मजबूत बनाने के लिए हेडन को कोचिंग स्टाफ में शामिल किया है। हेडन पहले पाकिस्तान टीम के साथ टी-20 वर्ल्ड कप 2021 और 2022 में कोच व मेंटर रह चुके हैं। वे IPL में पहले चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके हैं। टीम में वे मुख्य कोच आशीष नेहरा के साथ मिलकर काम करेंगे। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल हैं और 2026 में एक बार फिर खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।

आगामी IPL सीजन के लिए ऑस्ट्रेलियाई लीजेंड मैथ्यू हेडन बने गुजरात टाइटंस के बैटिंग कोच

हेडन उस ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे जिसने 2003 और 2007 क्रिकेट विश्व कप जीते थे।

Share:

Highlights

  • गुजरात टाइटंस ने मैथ्यू हेडन को IPL 2026 के लिए नया बैटिंग कोच बनाया।
  • हेडन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 हजार से अधिक रन बना चुके है।
  • गुजरात पिछले सीजन में एलिमिनेटर तक पहुंची थी लेकिन मुंबई इंडियंस से हारकर बाहर हो गई थी।

गुजरात टाइटंस (GT) ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के लिए ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी मैथ्यू हेडन को अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि यह फैसला टीम की बल्लेबाजी को और अधिक आक्रामक तथा मजबूत बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। हेडन, जो अपने जमाने के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं, अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम को रनों का अंबार लगाने के गुर सिखाएंगे। मैथ्यू हेडन का क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। वे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं, साथ ही 2003 व 2007 में वनडे विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे हैं। 2007 में तो हेडन विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। 

हेडन अपने समय में क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट्स में नंबर-1 बल्लेबाज भी रह चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि हेडन इससे पहले भी कोचिंग की भूमिका निभा चुके हैं। वे 2021 और 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान टीम के साथ बतौर कोच और मेंटर काम कर चुके हैं, जहां उनके मार्गदर्शन में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था। पाकिस्तान टीम ने 2021 में सेमीफाइनल तो 2022 में फाइनल तक का सफर तय किया था हालांकि, IPL में एक पूर्णकालिक कोच के रूप में यह उनकी पहली बड़ी जिम्मेदारी होगी। इससे पहले वे IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेल चुके हैं और हाल के वर्षों में एक मशहूर कमेंटेटर के रूप में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अपने IPL करियर में 32 मैच खेले हैं, जिसमें हेडन ने 36 से ऊपर की औसत से 1107 रन बनाए हैं।

गुजरात टाइटंस की टीम पिछले सीजन (2025) में एलिमिनेटर मुकाबले तक पहुंची थी, लेकिन वहां उन्हें मुंबई इंडियंस (MI) के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार टीम प्रबंधन ने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करके एक नई ऊर्जा भरने की कोशिश की है। हेडन अब टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय गेंदबाज आशीष नेहरा के साथ मिलकर काम करेंगे। मैथ्यू हेडन अपने एक बयान में कह चुके हैं कि "अच्छी बल्लेबाजी दबाव बनाती है। शानदार बल्लेबाजी खेल पर अपना दबदबा कायम करती है। गुजरात टाइटंस में हम यही स्टैंडर्ड स्थापित करना चाहते हैं।" 

रिलेटेड टॉपिक्स