पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां न्यू टाउन में जाने-माने बिजनेसमैन और अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी, अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. प्रीति अदाणी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अदाणी आरोग्य मंदिर के लिए भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने पौधारोपण भी किया। इस कार्यक्रम से पहले, गौतम और डॉ. प्रीति ने कोलकाता के मशहूर कालीघाट मंदिर जाकर माता काली के दर्शन किए।
इसकी कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "आज सुबह, प्रीति और मुझे पवित्र कालीघाट मंदिर में माँ काली के आशीर्वाद लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जैसे ही आसमान से कोलकाता पर बारिश की बूंदें बरसने लगीं, वह क्षण विशेष रूप से विनीत और भावविभोर कर देने वाला लगा। हम दोनों ने सच्चे दिल से आभार व्यक्त करते हुए बंगाल के लोगों की शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए प्रार्थना की और अपनी आगे की यात्रा के लिए माँ काली का आशीर्वाद मांगा। माँ काली की शक्ति सदैव हमारा मार्गदर्शन करे और उनकी कृपा बंगाल पर हमेशा बनी रहे। जय माँ काली!"
मुख्यमंत्री अधिकारी पहले एक कार्यक्रम में बता चुके हैं कि यह 2,000 बेड वाला एक इंटरनेशनल हॉस्पिटल होगा। इसमें पश्चिम बंगाल के जरूरतमंदों के लिए 1,000 बेड मुफ्त होंगे, जबकि शेष 1,000 बेड कमर्शियल उपयोग के लिए रखे जाएंगे। इस बीच, आज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा, "आज यहाँ एक ऐसी ऐतिहासिक भूमि पर खड़े होना बेहद सम्मान की बात है, जो जल्द ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वास्थ्य, उम्मीद और मानवीय गरिमा का एक बड़ा केंद्र बनेगी। मैं आज यहाँ मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री जी का हृदय से आभारी हूँ।"
उन्होंने आगे कहा, "आज सुबह मुझे कालीघाट जाने का सौभाग्य मिला। वहाँ मैंने माँ काली से 'शक्ति' यानी साहस के साथ नेतृत्व करने की ताकत, 'इच्छा शक्ति' यानी बड़े सपने देखने का संकल्प, और 'क्रिया शक्ति' यानी निडर होकर काम करने की ऊर्जा की प्रार्थना की। वहाँ से लौटते हुए मेरे मन में एक ही विचार था कि जब अवसर बड़े होते हैं, तो जिम्मेदारियां भी उतनी ही बड़ी होती हैं।"
बंगाल के भविष्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा, "आज बंगाल बदलाव के एक ऐसे ही महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। इस दौर के केंद्र में एक ऐसे विजनरी नेता हैं, जिन्हें इन संभावनाओं को जमीनी तरक्की में बदलने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी। आपकी लीडरशिप में मुझे पूरा भरोसा है कि बंगाल आने वाले समय में प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। हम अदाणी समूह में बंगाल की इन संभावनाओं को साकार करने और यहाँ के विकास में अपना पूर्ण योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री अधिकारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री जी, आपकी कहानी एक सच्चे भूमिपुत्र की कहानी है, जिनसे इस राज्य की जनता को रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और नए अवसरों की बड़ी उम्मीदें हैं। हम अदाणी में, बंगाल के लोगों के साथ मिलकर प्रगति का एक नया अध्याय लिखना चाहते हैं। आज हमारी इसी प्रतिबद्धता की शुरुआत अदाणी आरोग्य मंदिर से हो रही है, जो एक वर्ल्ड क्लास, नॉन-प्रॉफिट मेडिकल इंस्टीट्यूशन होगा।"