उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

इस दुर्घटना पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, "यह बहुत दुखद है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। अपनी हवाई सेवाओं को प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वे सुरक्षित हों। मामले की जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सुधार किए जाएंगे।"

उत्तराखंड के जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार

घटना की खबर मिलते ही भारतीय सेना, चमोली प्रशासन और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुट गई।

Share:

Highlights

  • हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1.14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी।
  • हादसे के बाद एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन की सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई।
  • सभी 6 लोगों की पहचान पायलट हिमांशु और प्रतापा, अरुण, शंकर, सुधीर और एच.एस. नटराज के रूप में हुई है।

उत्तराखंड के जोशीमठ में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को एक दुखद हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास क्रैश हो गया। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के प्रेस नोट के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1.14 बजे उड़ान भरी थी। इस हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन की सभी उड़ानों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। 

दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे, जिनकी पहचान पायलट कैप्टन हिमांशु और यात्री प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. व एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। UCADA के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही, भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों को खोज और बचाव अभियान के लिए रवाना कर दिया गया। 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।"

इस दुर्घटना पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, "यह बहुत दुखद है। जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। अपनी हवाई सेवाओं को प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा की वे सुरक्षित हों। मामले की जांच की जाएगी और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सुधार किए जाएंगे। ऐसा करना जरूरी है, क्योंकि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। यह बहुत चिंता का विषय है और हमें स्थिति को सुधारने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। हमें अपनी हवाई सेवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने सभी संसाधनों का उपयोग करना चाहिए।"

रिलेटेड टॉपिक्स