भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अपील, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को जलाएं आशीर्वाद का दीया

नितिन नबीन ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश का नेतृत्व संभाला, उस समय बहुत ही विषम परिस्थितियां रहीं। उस विषम परिस्थिति में उन्होंने नई नीतियां बनाईं, नए कार्यक्रम बनाए और कई ऐसी योजनाएं बनाईं जो आम लोगों के जीवन में बदलाव लेकर आईं।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की अपील, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को जलाएं आशीर्वाद का दीया

नितिन नबीन के अनुसार जनसेवा से देशसेवा प्रधानमंत्री मोदी के जीवन का मूल ध्येय रहा है।

Share:

Highlights

  • नितिन नबीन ने कहा की मोदी सरकार की योजनाओं से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया।
  • कोरोना काल में वैक्सीन के जरिए भारत के आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
  • नितिन नबीन ने कहा की मोदी सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है।

आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का एक नया वीडियो संदेश सामने आया है। X पर इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "जनसेवा से देशसेवा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन का मूल ध्येय रहा है। सरकार के प्रमुख के रूप में जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण के संकल्प को समर्पित उनकी 25 वर्षों की यह यात्रा अभूतपूर्व रही है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को एक नई दिशा और सामर्थ्य प्रदान किया है।" 

उन्होंने आगे कहा, "आज उनके दिए सामूहिक संकल्प के परिणामस्वरूप हम विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर हैं। देश की इस प्रगतिशील यात्रा और मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करने हेतु, आइए आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने-अपने घरों में आशीर्वाद का दीया जलाएं और उनकी दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए अपना शुभाशीष दें।"

इस वीडियो में नितिन नबीन ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने देश का नेतृत्व संभाला, उस समय बहुत ही विषम परिस्थितियां रहीं। उस विषम परिस्थिति में उन्होंने नई नीतियां बनाईं, नए कार्यक्रम बनाए और कई ऐसी योजनाएं बनाईं जो आम लोगों के जीवन में बदलाव लेकर आईं। कोरोना काल का उल्लेख करते हुए नितिन ने कहा कि उस समय पूरा देश और विश्व ठहर सा गया था। उस समय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने लोगों को चुनौतियों से पार पाने और आगे बढ़ने का भरोसा दिया। कोरोना कालखंड में वैक्सीन के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि भारत आत्मनिर्भर भारत की ओर आगे बढ़ रहा है। 

नितिन ने आगे बताया कि हमनें स्टार्टअप योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया है। वहीं, शौचालयों के निर्माण से महिलाओं को सम्मान और लखपति दीदी के माध्यम से सशक्तिकरण मिला है। उन्होंने नक्सलवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि हमनें लंबे समय तक इसे देखा। नक्सलवाद की जड़ें हमारे 200 से अधिक जिलों को प्रभावित करती थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस समस्या को भी अपने संकल्प में शामिल किया और उसे जड़ से समाप्त कर दिया। 

आतंकवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश लंबे समय से आतंकवाद के साये और डर के माहौल में जी रहा था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद का मुंहतोड़ और निर्णायक जवाब दिया गया। आज हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। जो लोग हमें नापाक इरादों से देखते हैं, उन्हें ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है।

रिलेटेड टॉपिक्स