भारतीय जनता पार्टी (BJP) के देशव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत देशभर में पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और बरेली में भी इन पदयात्राओं का आयोजन हो रहा है। लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं, वहीं बरेली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा पदयात्रा की कमान संभाल रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान लखनऊ पहुंच चुके हैं, जहां उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। इसकी कुछ तस्वीरें X पर साझा करते हुए पाठक ने लिखा, 'आज लखनऊ आगमन पर माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी का आत्मीयतापूर्ण स्वागत एवं अभिनंदन कर शिष्टाचार भेंट की।' जानकारी के अनुसार, यह पदयात्रा लोक भवन से परिवर्तन चौक तक जाएगी।"
इससे पूर्व मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस पदयात्रा के माध्यम से हम जनता तक यह संदेश पहुँचाएँगे कि किस तरह INDI गठबंधन, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हम जनता के बीच जाएँगे और उनके सामने सच्चाई व तथ्य रखेंगे।
वहीं, बरेली की पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, यह पदयात्रा राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारात घर से शुरू होकर डी.डी. पुरम स्थित शहीद पंकज अरोड़ा चौक पर समाप्त होगी।
BJP उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि INDI गठबंधन के नेता देश को अस्थिर करना चाहते हैं और लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं। हालाँकि, भारत का लोकतंत्र बहुत मजबूत है और इसकी जड़ें बहुत गहरी हैं। देश में ऐसी स्थिति पैदा नहीं होने दी जाएगी।