नेपाल के सोलुखुम्बु जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के फेरिचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भीषण हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर के दो हेलीकॉप्टर जब लैंड कर रहे थे, तभी उनके रोटर ब्लेड (पंखे) आपस में उलझ गए।
भारतीय नागरिक की मौत, भारतीय मूल का शख्स घायल
हादसे में जान गंवाने वाले नागरिक की पहचान भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बलरामरामाडु के रूप में हुई है, जो फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। इस टक्कर में उसी हेलीकॉप्टर में सफर कर रहे भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अधिकारी ने बताया कि घायल शैलेश को हेलीकॉप्टर के जरिए तत्काल काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल भेजा गया।
इसके अलावा, हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें आगे के इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक भारतीय नागरिक के शव को लुकला के एक अस्पताल में रखवाया गया है। फिलहाल दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी है।
उत्तराखंड में भी हेलीकॉप्टर हादसे में 6 लोगों की मौत
हाल ही में उत्तराखंड में भी एक हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था। बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास क्रैश हो गया। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1.14 बजे उड़ान भरी थी। दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे, जिनकी पहचान पायलट कैप्टन हिमांशु और यात्री प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. व एच.एस. नटराज के रूप में हुई है। सभी 6 लोगों की मौत हो चुकी है।