यूनाइटेड किंगडम (UK) के ग्लासगो में चल रहे 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम (kg) कैटेगरी के सेमीफाइनल में जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब फाइनल में 1 अगस्त को उनका सामना कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो से होगा। इस जीत के साथ भारत का एक और मेडल पक्का हो गया है। अब ये सिल्वर होगा या गोल्ड, इसका पता फाइनल के नतीजे आने के बाद ही चलेगा।
मुझे अच्छी तैयारी करनी होगी क्योंकि यह फाइनल है: प्रीति
सेमीफाइनल में हारने वाली इंग्लैंड की लॉरेन मैकी और जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को इस बार ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना होगा। मुकाबला जीतने के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रीति ने कहा, मैं बहुत खुश हूँ कि मैंने वह हासिल कर लिया है जिसके लिए मैंने तैयारी की थी। गोल्ड मेडल के लिए मुझे कल अपना बेस्ट देना होगा। मैं कभी भी अपने प्रतिद्वंद्वियों को कम नहीं आंकती और हमेशा अपने कोच की सलाह से अच्छी तरह तैयारी करती हूँ। मुझे खुशी है कि मैं उन योजनाओं को अमल में ला पा रही हूँ। मुझ पर कोई दबाव नहीं है, लेकिन मुझे अच्छी तैयारी करनी होगी क्योंकि यह फाइनल है। मैं उसी के हिसाब से अपनी रणनीति बनाऊंगी। मुझे सभी का सपोर्ट हासिल है।
जैस्मिन, अरूंधति, साक्षी, प्रिया और लवलीना पर होंगी नजरें
बॉक्सिंग में सिर्फ प्रीति ही नहीं, बल्कि हमारे कुछ अन्य मुक्केबाज भी मेडल पक्के कर चुके हैं। महिला मुक्केबाजों की बात करें तो, 57kg कैटेगरी में भारत की जैस्मिन लंबोरिया का मुकाबला लेसोथो की रापेलैंग मासेलेला से होगा, 70kg सेमीफाइनल में अरूंधति चौधरी का मुकाबला वेल्स की रोजी एक्लेस से होगा, 51kg सेमीफाइनल में साक्षी चौधरी का मुकाबला कनाडा की एम्बर-जेन वॉल से होगा, 60kg सेमीफाइनल में प्रिया घणघस का मुकाबला इंग्लैंड की लुसी किंग्स-व्हीटली से होगा और 75kg सेमीफाइनल में लवलीना बोरगोहेन का मुकाबला तुवालु की तारोना ताफाकी से होगा।
अंकुश, जदुमणि, सचिन और नरेंद्र से बड़ी उम्मीदें
इसके अलावा पुरूषों के इवेंट्स पर नजर डालें तो, 80kg सेमीफाइनल में, भारत के अंकुश पंघाल का मुकाबला आज शाम 4.30 बजे कनाडा के जोशुआ ओफोरी से होना था, यह मुकाबला शुरू भी हो चुका है। 55kg सेमीफाइनल में भारत के जदुमणि सिंह मंडेंगबाम का सामना नामीबिया के फिलिप हाओसेब से, 60kg सेमीफाइनल में भारत के सचिन सिवाच बनाम वेल्स के ओवेन हैरिस-एलन और +90kg सेमीफाइनल में भारत के नरेंद्र बेरवाल एवं त्रिनिदाद और टोबैगो के नाइजेल पॉल एक दूसरे से भिड़ने वाले हैं।
ध्यान देने वाली बात यह है कि ये सभी सेमीफाइनल मुकाबले हैं, इसलिए कम से कम ब्रॉन्ज मेडल तो पक्का ही है। अब यह तो समय ही बताएगा कि इन मुकाबलों में कौन ब्रॉन्ज जीतता है, कौन सिल्वर ले जाता है और कौन गोल्ड हासिल करता है।