2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव, दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व ने यूपी नेताओं संग की बैठक

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने X पर इस बैठक की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।

2027 चुनाव को लेकर कांग्रेस एक्टिव, दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व ने यूपी नेताओं संग की बैठक

इस बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए।

Share:

Highlights

  • कांग्रेस दिसंबर महीने से अपना आगामी चुनाव अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है।
  • इमरान मसूद ने स्पष्ट किया की बैठक में सीट बंटवारे पर कोई चर्चा नहीं हुई।
  • अखिलेश यादव ने कहा की आपसी सहमति से तय होगा की किस सीट पर कौन सा दल चुनाव लड़ेगा।

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी की उपस्थिति में हुई इस बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी तथा कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने हिस्सा लिया। इस दौरान नेताओं ने आगामी चुनावों की रणनीति, कैंपेनिंग, संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। 

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने X पर इस बैठक की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी। 

मीडिया से बातचीत करते हुए इमरान मसूद ने साफ किया कि बैठक में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि यह एक संगठनात्मक बैठक थी, इसलिए सारा ध्यान केवल संगठन से जुड़े मुद्दों पर ही केंद्रित रहा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी अपने आगामी चुनाव अभियान की रूपरेखा तैयार कर रही है, ताकि दिसंबर महीने में इसकी शुरुआत की जा सके।

वहीं, आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों में सीट बंटवारे के मुद्दे पर सपा के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ उनकी बातचीत आगे बढ़ेगी और वे हर पहलू पर विस्तार से चर्चा करेंगे। अपनी बात दोहराते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दल आपसी सहमति से यह तय करेंगे कि किस सीट पर कौन सी पार्टी जीत सकती है, और जो भी दल जीतने की स्थिति में होगा, वह सीट उसी के खाते में जाएगी।

इसी क्रम में सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे को लेकर कहीं कोई समस्या या वैचारिक मतभेद नहीं है, बल्कि सभी दलों के बीच पूरी आपसी समझ है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी घटक दलों का एक ही लक्ष्य है, क्योंकि राज्य की जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है, युवा परेशान हैं, किसान दुखी हैं और हर मोर्चे पर बर्बादी की स्थिति बनी हुई है। प्रसाद के अनुसार, प्रदेश को इस हालात से बचाने के लिए INDIA गठबंधन के सभी नेता पूरी समझदारी से काम ले रहे हैं, इसलिए सीट बंटवारे को लेकर किसी भी तरह की अटकलों या रुकावटों की कोई गुंजाइश नहीं है।

रिलेटेड टॉपिक्स
Most Popular