कांग्रेस का यूपी और पंजाब में नेतृत्व में फेरबदल, आराधना मिश्रा व परगट सिंह बने नए प्रदेश अध्यक्ष

आराधना मिश्रा और परगट सिंह दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस का यूपी और पंजाब में नेतृत्व में फेरबदल, आराधना मिश्रा व परगट सिंह बने नए प्रदेश अध्यक्ष

आराधना मिश्रा 2014 से रामपुर खास और परगट सिंह 2012 से जालंधर कैंट से विधायक है।

Share:

Highlights

  • इमरान मसूद को UPCC के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
  • देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को UPCC का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
  • चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है।

2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे अहम राज्यों में नए अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। उत्तर प्रदेश में, अजय राय की जगह आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। वहीं इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा, देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है। पंजाब में परगट सिंह नए अध्यक्ष बने हैं, जिन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह ली है। पार्टी ने दोनों राज्यों में निवर्तमान अध्यक्षों के योगदान को सराहा है।

आराधना मिश्रा ने X पर एक पोस्ट के माध्यम से UPCC के अध्यक्ष पद का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा कांग्रेस के समस्त शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया यह विश्वास उनके लिए केवल एक दायित्व नहीं, बल्कि उस विचार और विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है, जिससे उनके परिवार की चार पीढ़ियों का अटूट और गौरवपूर्ण रिश्ता रहा है।

उन्होंने आगे विश्वास दिलाया कि कांग्रेस की विचारधारा, संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाते हुए उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा, समर्पण और सामूहिकता के साथ निर्वहन करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर उन्होंने अपने रामपुर खास परिवार के जन-जन के अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए भी हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की। अंत में, उन्होंने बाबा घुइसरनाथ के आशीर्वाद से सभी के साथ मिलकर कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने तथा जनता की आवाज़ को पूरी शक्ति से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने भी X पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए इन नेताओं का धन्यवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने यह संकल्प भी जताया कि वे पंजाब में कांग्रेस को मजबूत करने और अपने राज्य की जनता की सेवा करने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से काम करेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि परगट सिंह 2012 से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

उनकी नियुक्ति पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कहा कि परगट सिंह पहले हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और अब वे कांग्रेस के कप्तान हैं। उनकी अगुवाई में कांग्रेस पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी और पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। कांग्रेस पार्टी अब एकजुट है और एक साथ मिलकर यह चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि इन नई नियुक्तियों से आने वाले चुनाव में कांग्रेस को कितना फायदा होता है।

रिलेटेड टॉपिक्स