यूनाइटेड किंगडम (UK) के ग्लासगो में चल रहे 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) में कल भारत के खाते में कुछ और मेडल जुड़ गए। 28 वर्षीय भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने पुरूषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गुलवीर ने 27:49.78 के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन (Ky Robinson) ने 27:48.93 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि आइल ऑफ मैन के डेविड मुल्लार्की (David Mullarkey) ने 27:50.28 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
वहीं वेटलिफ्टिंग में भी भारत को एक और मेडल मिला। महिलाओं की 69 किलोग्राम वेट कैटेगरी में भारत की हरजिंदर कौर ने सिल्वर मेडल प्राप्त किया। हरजिंदर स्नैच में 101 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 227 किलोग्राम वजन के साथ दूसरे स्थान पर रही। कनाडा की चार्लोट सिमोन्यू (Charlotte Simoneau) ने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 240 किलोग्राम वजन के साथ गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया की न्या फेबे हेमैन (Nya Phebe Hayman) ने कुल 218 किलोग्राम (97+121) वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। बॉक्सिंग रिंग से भी भारत के लिए कुछ अच्छी खबरें सामने आईं हैं। जदुमणि सिंह मान्डेन्गबाम ने पुरूषों की 55 किलोग्राम बॉक्सिंग कैटेगरी में क्वार्टर-फाइनल में 5-0 से शानदार जीत हासिल कर मेडल पक्का कर दिया है। जदुमणि ने जाम्बिया के म्वेंगो मवाले (Mwengo Mwale) को पराजित किया। अब सेमीफाइनल में उनका सामना नामीबिया के फिलिप हाओसेब (Philip Haoseb) से होगा।
जदुमणि के अलावा बॉक्सर प्रीति पवार (महिलाओं की 54 किलोग्राम कैटेगरी) और प्रिया घणघस (महिलाओं की 60 किलोग्राम कैटेगरी) ने भी क्वार्टर फाइनल में अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर व सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए मेडल पक्के कर लिए हैं। 75 किलोग्राम कैटेगरी में, भारत की लवलीना बोरगोहेन सीधे सेमीफाइनल में मुकाबला करेंगी। इस तरह, बॉक्सिंग में भारत के लिए कुल चार और मेडल पक्के हो चुके हैं। भारत ने अब तक कुल 12 पदक जीते हैं। इनमें 2 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं और वह पदक तालिका में 9वें स्थान पर है।