फिलीपींस से भारतीय खेल जगत को गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आई है। मणिपुर की 22 वर्षीय जिम्नास्ट अरिहा पंगमबाम (Ariha Pangambam) ने तागेते सिटी (Tagaytay City) में आयोजित एशियाई एरोबिक्स जिमनास्टिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वो इस प्रतियोगिता के सीनियर महिला व्यक्तिगत वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारत की पहली जिम्नास्ट बन गई हैं। इस चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में अरिहा ने शानदार प्रदर्शन किया और कुल 19.100 पॉइंट्स के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।
अरिहा को आर्टिस्ट्री के लिए 8.650 पॉइंट्स, एग्जीक्यूशन के लिए 7.600 और डिफीकल्टी के लिए 2.850 पॉइंट्स प्राप्त हुए। अरिहा को इस सफलता पर बधाई देते हुए, मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने X पर लिखा, "फिलीपींस के तागेते सिटी में आयोजित 2026 सीनियर महिला एरोबिक जिम्नास्टिक्स एशियन चैंपियनशिप में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचने पर अरिहा पंगमबाम को बहुत-बहुत बधाई। यह मणिपुर और देश के लिए गर्व का क्षण है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हैं।"
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने भी लिखा, "मैं हमारी प्रतिभाशाली बेटी अरिहा पंगमबाम को एशियाई एरोबिक जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में 19.100 के शानदार स्कोर के साथ सीनियर व्यक्तिगत महिला गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनकर इतिहास रचने पर दिल से बधाई देता हूँ। यह वाकई भारतीय जिम्नास्टिक्स और मणिपुर के लिए गर्व का पल है। आपके साहस, दृढ़ता और बेहतरीन प्रदर्शन ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। हमारे राज्य की खेल की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए, मैं आपके भविष्य में और भी सफलता की कामना करता हूँ।"
मणिपुर की इस जिम्नास्ट ने लगातार खुद को भारत की बेहतरीन एरोबिक जिम्नास्ट साबित किया है। अरिहा ने कई इंटरनेशनल चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी खास उपलब्धियों में 2023 व 2025 के नेशनल गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना शामिल है।