इंदौर के स्वच्छता मॉडल से चमका देपालपुर, राष्ट्रीय स्तर पर इस जोड़ी को मिला दूसरा स्थान

नेशनल क्लीन सिटी श्रेणी में महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी है। इस सूची में गुजरात का सूरत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इंदौर के स्वच्छता मॉडल से चमका देपालपुर, राष्ट्रीय स्तर पर इस जोड़ी को मिला दूसरा स्थान

यह सम्मान लेने के लिए इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहे।

Share:

Highlights

  • 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर दूसरे स्थान पर सबसे स्वच्छ शहर बना।
  • 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने पहला स्थान हासिल किया है।
  • 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास शहर ने बाजी मारी है।

भारत की राजधानी नई दिल्ली के विज्ञान भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण (2025-26) के 10वें संस्करण का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को सम्मानित किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

'स्वच्छ शहर जोड़ी' (मेंटर-मेंटी) श्रेणी में मेंटर सिटी अहमदाबाद और मेंटी साणंद ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इंदौर के लिए यह दिन बेहद खास रहा, जहाँ मेंटर शहर इंदौर और मेंटी देपालपुर की जोड़ी को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। मंच पर यह सम्मान लेने के लिए इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, लोकसभा सांसद शंकर लालवानी और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मौजूद रहे। 

X पर एक वीडियो शेयर करते हुए पुष्यमित्र भार्गव ने लिखा, "माननीय राष्ट्रपति जी से इंदौर-देपालपुर की स्वच्छ शहर जोड़ी को मिला राष्ट्रीय सम्मान। आठ बार स्वच्छता में देश का सिरमौर रहा इंदौर, अब अपनी स्वच्छता की सीख से देपालपुर को भी राष्ट्रीय पटल पर गौरव दिला रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण में 1710वीं रैंक से नंबर वन तक का देपालपुर का सफर, इंदौर के स्वच्छता मॉडल और निरंतर प्रयासों की ताकत को दर्शाता है।"

उन्होंने आगे लिखा, "इस गौरवपूर्ण अवसर पर माननीय मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी, सांसद श्री शंकर लालवानी जी एवं निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल जी उपस्थित रहे। इंदौर की स्वच्छता की सीख, देपालपुर की सफलता। इंदौर-देपालपुर की जोड़ी, स्वच्छता में देश की नई मिसाल।"

इसके अलावा मेंटर शहर तिरुपति और मेंटी कुप्पम ने तीसरा स्थान हासिल किया। नेशनल क्लीन सिटी श्रेणी में महाराष्ट्र के नवी मुंबई ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी है। इस सूची में गुजरात का सूरत दूसरे स्थान पर रहा, जबकि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम ने स्वच्छ शहर का खिताब जीता, जबकि मध्य प्रदेश के जबलपुर को दूसरा और उत्तर प्रदेश के लखनऊ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

इसके अलावा, 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस वर्ग में चंडीगढ़ दूसरे और आंध्र प्रदेश का गुंटूर शहर तीसरे पायदान पर रहा। दूसरी ओर, 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मध्य प्रदेश के देवास ने बाजी मारी है। इस श्रेणी में नई दिल्ली (NDMC) दूसरे और मध्य प्रदेश का ही सागर शहर तीसरे स्थान पर रहा।

रिलेटेड टॉपिक्स