उत्तराखंड के प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट भाईदूज के पावन अवसर पर आज सुबह 8.30 बजे शीतकाल के लिए विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद कर दिए गए। इसके पश्चात बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। इस पल के साक्षी बनने के लिए धाम में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बाबा केदार के उद्घोष से पूरा केदारपुरी परिसर गूंज उठा।
रुद्रप्रयाग के जिला मजिस्ट्रेट (DM) विशाल मिश्रा ने जानकारी दी कि 22 अप्रैल को खुले श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। इस वर्ष 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया और विशेष अनुष्ठान सुबह 4.00 बजे प्रशासनिक अधिकारियों, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के प्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों और केदार सभा के सदस्यों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ शुरू हुए।
एक भक्त ने कहा कि यह हम सभी के लिए बेहद भावुक क्षण है। पूरे छह महीने बाद, भगवान शिव एक बार फिर यहाँ पधारेंगे। आज का दिन मेरे लिए बहुत भावुक है और मैं खुद को बहुत खुश और भाग्यशाली मानता हूँ कि मैं इस अवसर पर यहाँ मौजूद हूँ। इस अवसर पर BKTC के सदस्य विनोद पोस्ती ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में अब तक कुल 19,22,138 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की है।
उन्होंने आगे कहा, "ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान की डोली के विराजमान होने के बाद, हमारा पूरा ध्यान शीतकालीन तीर्थयात्रा को बढ़ावा देने पर केंद्रित रहेगा। इस वर्ष हमारा मुख्य लक्ष्य सर्दियों के मौसम में भी मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि करना है। मैं एक बार फिर सभी श्रद्धालुओं और आम जनता को उनकी अटूट आस्था, सहयोग और इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा को सफल बनाने में उनकी भागीदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देता हूँ।"
बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में रहेगा। इसके पश्चात दिनांक 12 नवम्बर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी तथा दिनांक 13 नवम्बर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मन्दिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक परम्पराओं एवं विधि-विधान के अनुसार भगवान श्री केदारनाथ जी की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारम्भ होगी। शीतकाल के आगामी 6 माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान श्री ओंकारेश्वर मन्दिर में सम्पन्न होंगे। इस अवधि में श्रद्धालुजन ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।