उत्तराखंड के प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार, 10 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव के लिए रवाना हो गई। इस दौरान धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने धार्मिक जयकारों के साथ मां गंगा को भावपूर्ण विदाई दी।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया दोपहर 12.05 बजे अभिजीत मुहूर्त में पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इससे पहले अन्नकूट उत्सव और गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली को सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के बीच मुखबा गांव के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी X पर पोस्ट कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि "हर हर गंगे! करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के केंद्र एवं मोक्षदायिनी मां गंगा के पावन स्थल श्री गंगोत्री धाम के कपाट आज विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल हेतु बंद कर दिए गए हैं। इस पावन अवसर पर मां गंगा के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन। मां गंगा से प्रार्थना है कि उनकी कृपा एवं आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का संचार हो।"
पंच मंदिर समिति के संयोजक सतीश सेमवाल के अनुसार, मार्कंडेय अन्नपूर्णा मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद मां गंगा की उत्सव डोली भाई दूज के दिन उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचेगी। इसके बाद अगले छह महीनों तक श्रद्धालु मुखबा गांव में ही मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे। भाई दूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे।