देशभर में गणेश उत्सव की धूम, प्रमुख मंदिरों और पंडालों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

आज से दस दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ हो गया है, जो अनंत चतुर्दशी तक जारी रहेगा। इन आगामी दस दिनों तक प्रथम पूज्य भगवान गणेश की नियमित आरती, पूजा-अर्चना और उन्हें भोग अर्पित किया जाएगा।

देशभर में गणेश उत्सव की धूम, प्रमुख मंदिरों और पंडालों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़

मुंबई के लालबाग चा राजा में दर्शन हेतु भारी संख्या में भक्त एकत्र हुए है।

Share:

Highlights

  • मुंबई के जीएसबी महागणपति को 66 किलो से अधिक सोने और करीब 335 किलो चांदी से सजाया गया।
  • इंदौर के खजराना गणेश मंदिर में बाप्पा को 1.25 लाख मोदकों का महाभोग अर्पित किया गया।
  • हैदराबाद में खैराताबाद पंडाल में भक्त 69 फीट ऊँचे पंचमुख संकटहर महागणपति के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे है।

पूरे भारत में आज गणेश चतुर्थी का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भक्तगण शुभ मुहूर्त के अनुसार अपने घरों और पंडालों में गणपति बप्पा की स्थापना कर चुके हैं या करने की तैयारी में हैं। आज से दस दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ हो गया है, जो अनंत चतुर्दशी तक जारी रहेगा। इन आगामी दस दिनों तक प्रथम पूज्य भगवान गणेश की नियमित आरती, पूजा-अर्चना और उन्हें भोग अर्पित किया जाएगा। 

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए X पर लिखा, "देशवासियों को गणेश चतुर्थी की अनंत शुभकामनाएं। विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सबके जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। उनके दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही कामना है। गणपति बाप्पा मोरया!"

प्रधानमंत्री मोदी ने एक संस्कृत सुभाषितम भी साझा किया, जो है:

मुदाकरात्तमोदकं सदा विमुक्तिसाधकं
कलाधरावतंसकं विलासिलोकरक्षकम्।

अनायकैकनायकं विनाशितेभदैत्यकं
नताशुभाशुनाशकं नमामि तं विनायकम्॥

इस सुभाषित में कहा गया है कि मैं भगवान श्री विनायक को नमन करता हूँ, जिनके पवित्र हाथों में मोदक सुशोभित हैं। जो मोक्ष की राह पर साधकों का सदैव मार्गदर्शन करते हैं। जो अपने मस्तक पर अर्धचंद्र को आभूषण के रूप में धारण करते हैं। जो संपूर्ण ब्रह्मांड के रक्षक और जगत के एकमात्र सर्वोच्च स्वामी हैं। जिन्होंने गजासुर राक्षस का वध किया और जो अपने भक्तों को सभी दुखों और कष्टों से शीघ्र मुक्त करते हैं।

आज देशभर के प्रमुख मंदिरों-पंडालों में भगवान गणेश के दर्शन हेतु भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। गणपति बाप्पा का आशीर्वाद पाने के लिए मुंबई के चिंचपोकळी चा चिंतामणि, लालबाग चा राजा, जीएसबी महागणपति और मुंबई चा राजा में भारी संख्या में भक्त एकत्र हुए हैं। जीएसबी महागणपति का उल्लेख करना इसलिए भी आवश्यक है क्योंकि इस विग्रह को 66 किलोग्राम से अधिक सोने और लगभग 335 किलोग्राम चांदी के आभूषणों से सजाया गया है। इतना ही नहीं, जीएसबी सेवा मंडल ने इस साल 703.27 करोड़ रूपए का इंश्योरेंस कवर भी लिया है।

इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेशोत्सव की भव्य शुरूआत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, इस पावन अवसर पर भगवान गजानन का 7 करोड़ रूपए के बहुमूल्य स्वर्ण आभूषणों और हीरे जड़ित नेत्रों से अलौकिक श्रृंगार किया गया है। आज उन्हें 1.25 लाख मोदकों का महाभोग अर्पित किया गया है, साथ ही दस दिनों तक प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट लड्डुओं का भोग भी लगाया जाएगा। तेलंगाना के हैदराबाद में मशहूर खैराताबाद पंडाल में भक्त 69 फीट ऊँचे पंचमुख संकटहर महागणपति के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं। राजस्थान के प्रतिष्ठित मोती डूंगरी गणेश जी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है।

रिलेटेड टॉपिक्स