गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ, अनंत चतुर्दशी के मौके पर देशभर में विसर्जन का दौर

देश के हर कोने में भक्त गणपति बापा को विदाई देते हुए भावुक नजर आ रहे हैं और उनसे अगले साल जल्द लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ, अनंत चतुर्दशी के मौके पर देशभर में विसर्जन का दौर

लालबाग चा राजा विसर्जन : पूजा के बाद गिरगांव चौपाटी के लिए रवाना हुआ रथ।

Share:

Highlights

  • लालबाग चा राजा की रथ-पूजा के बाद रथ गिरगांव चौपाटी की ओर रवाना हुआ।
  • पुणे में पांच मानाचे गणपति मंडई चौक से विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
  • तेलंगाना के बालापुर से बालापुर गणेश शोभा यात्रा भी शुरू हुई।

आज देशभर में अनंत चतुर्दशी का त्योहार श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। एक तरफ जहाँ भक्त क्षीरसागर में शेषनाग पर विराजमान भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ गणपति बाप्पा को विदाई देते हुए गणेश विसर्जन किया जा रहा है। कई स्थानों पर बाप्पा की प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हो चुका है, तो कुछ जगहों पर यह सिलसिला अभी जारी है। मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग चा राजा के विसर्जन जुलूस में रथ-पूजा हुई, जिसके तुरंत बाद राजा का रथ गिरगांव चौपाटी की ओर प्रस्थान किया।

गणेश चतुर्थी के बाद से ही कई जानी-मानी हस्तियों ने आशीर्वाद लेने के लिए लालबाग चा राजा के दर्शन किए हैं। इनमें भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, अनंत अंबानी और अभिनेता गोविंदा जैसे लोग शामिल हैं। इसके अलावा, राजा तेजुकयाचा और मुंबई चा राजा के विग्रह भी अपने-अपने पंडालों से गिरगांव चौपाटी की ओर बढ़ चुके हैं।

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के बालापुर गांव से बालापुर गणेश शोभा यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, पुणे में गणेश विसर्जन की आधिकारिक शुरुआत पारंपरिक रूप से शहर के पांच मानाचे गणपति (सम्मानित गणपति मूर्तियां) के मंडई चौक से निकलने के साथ हुई। जुलूस के मुख्य विसर्जन मार्ग पर आगे बढ़ने से पहले मंडई चौक पर भव्य आरती की गई। इसके बाद, सुबह करीब 10.00 बजे, मानाचे गणपति' में से पहला, कसबा गणपति विसर्जन मार्ग पर पहुंचा।

उनके पीछे क्रमशः दूसरे स्थान पर तांबडी जोगेश्वरी, तीसरे गुरुजी तालीम, चौथे तुळशीबाग गणपति और पांचवें केसरी वाडा गणपति इस विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। मंडई चौक से इन पांच मानाचे गणपति का निकलना पुणे के पारंपरिक और ऐतिहासिक गणेश विसर्जन जुलूस की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। देश के हर कोने में भक्त गणपति बापा को विदाई देते हुए भावुक नजर आ रहे हैं और उनसे अगले साल जल्द लौटने की प्रार्थना कर रहे है।

रिलेटेड टॉपिक्स