भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित भारत समिट को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत विरोधी शक्तियों को एकजुट करने में जुटे हैं और वे देश को बदनाम करने तथा अराजकता के जरिए अस्थिरता फैलाने का कोई भी मंच नहीं छोड़ते। समिट पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसे भारत समिट के बजाय एंटी-भारत समिट कहा जाना अधिक उपयुक्त होगा।
भाटिया ने कहा कि जिस मंच का उपयोग भारत और तेलंगाना को मजबूती देने के लिए किया जाना चाहिए था, उसका इस्तेमाल देश को कमजोर करने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत जाहिर करने और अस्थिरता के बीज बोने के लिए किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस भारत-विरोधी सम्मेलन में राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के सेक्रेटरी-जनरल जियाकोमो फिलिबेक को मंच दिया गया, जहां से उन्होंने "वोट चोर, गद्दी छोड़" जैसा बयान दिया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि एक विदेशी व्यक्ति भारतीय मंच से देश के जनादेश को चुनौती देता है और उसका मजाक उड़ाता है, लेकिन विपक्ष के नेता उन्हें रोकने के बजाय चेहरे पर मुस्कान लिए तालियां बजाते रहे और हंसते रहे। भाटिया ने इसे देश का दुर्भाग्य और भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि राहुल गांधी ने यह तक नहीं कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है।
उन्होंने आगे कहा कि यह सभी भारतीयों के लिए शर्म की बात है कि विपक्ष के नेता देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े मामलों पर हंस रहे हैं। भाटिया ने तंज कसते हुए कहा कि लगातार 99 चुनाव हारने की हताशा और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति नफरत में राहुल गांधी इस कदर बह गए हैं कि अब उनका एकमात्र मकसद सिर्फ भारत को बदनाम करना रह गया है।
गौरव भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी का बस एक ही मकसद है, चाहे मंच कोई भी हो, विदेशियों को बुलाकर भारत के खिलाफ बयान दिलवाना और इसे ही अपनी उपलब्धि मानना। उन्होंने याद दिलाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस प्रवृत्ति को लेकर बहुत स्पष्ट रूप से अपनी बात रखी है। भाटिया ने राहुल गांधी के हालिया विदेश दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि वे एक बार फिर विदेश निकल गए हैं।
देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर जोर देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "हम पूरी स्पष्टता के साथ कहना चाहते हैं कि भारत में लोकतंत्र मजबूत है और मजबूत बना रहेगा।" राहुल गांधी ने कहा था कि भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है, लेकिन ठीक उसके बाद केरलम में कांग्रेस की सरकार बनी। यह साबित करता है कि भारत में लोकतंत्र फल-फूल रहा है और दिन-ब-दिन और मजबूत हो रहा है।
राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए भाटिया ने आगे कहा कि यदि सच में कुछ खत्म हुआ है, तो वह राहुल गांधी की समझ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का दिमाग काम नहीं कर रहा है और उन्हें एक नासमझ बच्चे की टूलकिट कहना गलत नहीं होगा।