भारत के दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में स्थित कूनो नेशनल पार्क से अच्छी खबर आई है। यहां भारत में जन्मीं मादा चीता KGP12 ने 4 शावकों को जन्म दिया है। इसकी एक फोटो और वीडियो X पर शेयर करते हुए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने लिखा, "प्रोजेक्ट चीता के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक और खुशी का पल! भारत के चीता प्रोजेक्ट के चार साल पूरे होने के एक दिन बाद, भारत में जन्मी मादा चीता KGP12 ने कूनो में चार शावकों को जन्म दिया है। चार साल, चार नई जिंदगियां—यह उम्मीद, हिम्मत और भारत में चीता संरक्षण की बढ़ती सफलता का एक शानदार प्रतीक है। कूनो और प्रोजेक्ट चीता से जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी X पर वीडियो साझा करते हुए लिखा, "प्रोजेक्ट चीता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि! मध्य प्रदेश में प्रोजेक्ट चीता के चार साल पूरे होने के ठीक अगले दिन, कूनो नेशनल पार्क से एक शानदार खबर आई - भारत में जन्मे चीता, KGP12 ने चार शावकों को जन्म दिया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में, इन नन्हे मेहमानों का आगमन भारत की चीता संरक्षण यात्रा में एक बेहतरीन उपलब्धि है। कूनो में चीता की बढ़ती आबादी से वाइल्डलाइफ टूरिज्म, स्थानीय लोगों की आजीविका और इकोसिस्टम संरक्षण को मजबूती मिल रही है। पूरी कूनो और प्रोजेक्ट चीता टीम को हार्दिक बधाई!"
भारत में 1952 में विलुप्त घोषित किए जा चुके चीतों की वापसी का एक नया अध्याय 17 सितंबर 2022 को शुरू हुआ। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 72वें जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए 8 चीतों को कूनो नेशनल पार्क में मुक्त किया। प्रोजेक्ट चीता की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आज भारतीय धरती पर जन्मे 32 शावकों समेत देश में चीतों की कुल संख्या 52 हो चुकी थी। हाल ही में जन्मे नए शावकों को शामिल करने के बाद देश में चीतों की संख्या बढ़कर 56 हो गई है।