गुजरात में मॉनसून ने भारी तबाही मचाई है। लगातार बारिश से राज्य के कई हिस्सों, खासकर दक्षिण गुजरात में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई शहरों की सड़कें पानी से भर गई हैं और रिहायशी इलाकों में भी पानी घुस गया है। सूरत, तापी, वलसाड, डांग और भरूच जिलों में इसका असर सबसे ज्यादा है।
खास तौर पर, वलसाड जिले के उमरगाम (या उंबरगांव) में पिछले 24 घंटों में 35 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, आज सुबह सिर्फ चार घंटों में ही वहां 8 इंच से अधिक बारिश हुई, जिससे कुल बारिश का आंकड़ा 43 इंच से थोड़ा ऊपर पहुँच गया है। इसके अतिरिक्त कपराडा में भी पिछले कुछ घंटों में 30 इंच से अधिक बारिश हो चुकी है।
गुजरात के सबसे अहम शहरों में से एक, सूरत में स्थिति काफी चिंताजनक है। भारी बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव के कई वीडियो सामने आए हैं। सड़कें पानी में डूबी हैं और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। लोग नावों और रिक्शों का सहारा ले रहे हैं और यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है। रिपोर्ट्स की मानें तो, सूरत में सुबह 4 से 8 बजे के बीच 4 इंच पानी दर्ज किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक बुलेटिन के अनुसार, अगले 3 घंटों में सूरत और वलसाड के अलावा, वडोदरा, नवसारी और अहमदाबाद में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। गुजरात की औरंगा और पूर्णा जैसी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
भारी बारिश की वजह से तापी जिले के सभी स्कूल, कॉलेज भी कल बंद कर दिए गए हैं। जिले में लगातार बढ़ रही बारिश और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है कि स्कूल-कॉलेज आने वाले स्टूडेंट्स को कोई दिक्कत न हो और कोई हादसा न हो। जिला प्रशासन की तरफ से जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना वजह बाहर न निकलें, नदी, नालों, पुल और निचले इलाकों के पास जाने से बचें, साथ ही बिजली के खंभों और पेड़ों से भी दूर रहें।
यहां बारिश से जुड़ी घटना में एक व्यक्ति की मौत का भी समाचार मिला है। मौसम के हालात को देखते हुए अहमदाबाद में भी कल स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है। इस जिले के सरखेज में पिछले 24 घंटों में 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
गुजरात के सूचना विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में भारी बारिश से पैदा हुए हालात के बारे में जानकारी लेने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने राज्य में भारी बारिश से बने हालात को देखते हुए राहत, बचाव और नागरिकों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने राज्य में भारी बारिश के बीच राहत और बचाव कार्यों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी बात की। केंद्रीय गृह मंत्री ने इस संबंध में गुजरात को हर जरूरी मदद का भरोसा दिलाया।