मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में आज भारी राजनीतिक सरगर्मी रही। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने यहां लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत एक पदयात्रा निकाली। सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक आयोजित इस यात्रा में पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। इनमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, प्रदेश प्रभारी व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं तुलसीराम सिलावट और इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए।
इसकी कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए पुष्यमित्र भार्गव ने लिखा, "आज सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक निकली लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में इंदौर ने अपनी एकजुटता, जनशक्ति और लोकतंत्र के प्रति अटूट विश्वास का ऐतिहासिक परिचय दिया। सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, युवाओं का जोश और इंदौर की जनता की अभूतपूर्व सहभागिता ने एक स्पष्ट संदेश दिया कि भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत है। कोई भी अराजक सोच, चाहे देश के भीतर हो या बाहर से प्रेरित, हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर नहीं कर सकती।"
उन्होंने आगे लिखा, "इस गौरवपूर्ण अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल जी, माननीय मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट जी, सभी विधायकगण, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इस पदयात्रा को विशेष गरिमा प्रदान की। लेकिन इस पदयात्रा की सबसे बड़ी ताकत रही इंदौर की जागरूक जनता और युवाओं का अभूतपूर्व समर्थन। आज इंदौर ने दुनिया के सामने यह संदेश रखा है कि भारत का लोकतंत्र हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसकी रक्षा के लिए देश का युवा एवं नागरिक समाज सदैव सजग और एकजुट है। इंदौर की एक आवाज, लोकतंत्र के सम्मान में! लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ!"
इस यात्रा में बड़ी संख्या में BJP समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। लोगों के हाथों में तरह-तरह के प्लेकार्ड थे, जिन पर मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे, जनतंत्र की हुंकार-भीड़तंत्र पर प्रहार, देश पूछे बार-बार, घुसपैठ पर कांग्रेस का क्या विचार? और लोकतंत्र का सम्मान करो, जनादेश स्वीकार करो जैसे नारे लिखे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा और भाजपा के झंडे भी नजर आए।