आज शूटिंग की दुनिया से भारत के लिए अच्छी खबर आई सामने है। चीन के हांगझोऊ में चल रहे इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (ISSF) वर्ल्ड कप में भारत ने दो मेडल जीते हैं। भारत की 21 वर्षीय ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया, वहीं 2024 ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली 24 वर्षीय मनु भाकर ने भी इस प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। फाइनल में ईशा ने 40 हिट के साथ पहला स्थान हासिल किया। चीन की युयेयु झांग ने 37 हिट के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इन दोनों के अलावा भारत की मनु भाकर ने 28 हिट के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए दोनों शूटर्स को ढेर सारी बधाईयां भी मिल रही हैं।
केंद्रीय युवा और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने X पर उन्हें बधाई देते हुए लिखा, "भारत पोडियम पर! हांगझोऊ में ISSF वर्ल्ड कप के महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर ईशा सिंह और मनु भाकर को बधाई। पूरे देश को आप दोनों पर गर्व है!" वहीं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि, "ईशा सिंह और मनु भाकर ने ISSF वर्ल्ड कप 2026 में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में क्रमशः गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। भारी दबाव के बावजूद उनका पक्का इरादा और सटीक निशाना भारत के कभी न हार मानने वाले जज्बे को दिखाता है। दोनों को बहुत-बहुत बधाई।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक पोस्ट में लिखा, "ISSF वर्ल्ड कप, 2026 में 25 मीटर पिस्टल इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर ईशा सिंह और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनु भाकर को बहुत-बहुत बधाई। उनका शानदार प्रदर्शन शूटिंग में भारत के दबदबे और हमारे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम की बढ़ती मजबूती को दिखाता है। हमारी प्रतिभाशाली शूटर्स और भी ऊंचाइयां हासिल करें, देश का और नाम रोशन करें, और अनगिनत युवा भारतीयों को जोश और पक्के इरादे के साथ स्पोर्ट्स में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।"