यूनाइटेड किंगडम (UK) के ग्लासगो में चल रहे 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने अपना खाता खोल लिया है। पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरूषों के पैरा-पावरलिफ्टिंग हैवीवेट इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर लिया है। मूल रूप से बिहार के रहने वाले 28 वर्षीय कुमार ने 190 किलोग्राम वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। ग्रुप B में खेलते हुए, कुमार ने अपनी पहली कोशिश में 181 किलोग्राम और दूसरी कोशिश में 190 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने अपनी आखिरी लिफ्ट में 196 किलोग्राम वजन उठाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए। उन्होंने 130.9 पॉइंट्स के स्कोर के साथ प्रतियोगिता समाप्त की।
नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 208 किलोग्राम भार और 132.8 पॉइंट्स के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया, वहीं इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 199 किलोग्राम भार उठाकर 131.0 पॉइंट्स के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। झंडू कुमार ने यह सफलता बड़े लंबे संघर्ष के बाद हासिल की है। खबरों के अनुसार, सब्जी विक्रेता के बेटे कुमार ने अपने परिवार के साथ सब्जी बेचने में हाथ बंटाया है। उन्होंने रिक्शा चालक के रूप में भी काम किया है। बताया जा रहा है कि 2023 नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ी तक बेच दी थी।
मेडल जीतने के बाद कुमार ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे मैं हवा में उड़ रहा हूँ। यह मेरा पहला मेडल है। मेरे मन में बस यही बात थी कि मुझे मेडल जीतना है।" उन्होंने आगे कहा कि पोडियम पर पहुँचने के बाद भारतीय झंडे को ऊपर उठते हुए देखना बहुत गर्व का पल था।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी X पर खुशी जताते हुए लिखा, "झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए मेडल का खाता खोला है! उन्हें बधाई। उनकी यह उपलब्धि उनकी जबरदस्त ताकत, अटूट संकल्प और बरसों की अनुशासित मेहनत का शानदार उदाहरण है। हर चुनौती का सामना करते हुए और इंटरनेशनल मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करके, उन्होंने पूरे देश का मान बढ़ाया है और अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है।"