जापान के आइची-नागोया में हो रहे एशियन गेम्स 2026 से भारत के लिए एक शानदार खबर आई है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इन खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस अहम मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित कर दिखाया।
भारतीय ओपनर्स शेफाली वर्मा (48) और स्मृति मंधाना (79) ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े और टीम को एक मजबूत स्थिति में ले गए। फाइनल में स्मृति के बल्ले से एक उम्दा पारी देखने को मिली। शेफाली के आउट होने के बाद भी टीम को बहुत फर्क नहीं पड़ा। स्मृति ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। हरमनप्रीत और स्मृति के पवेलियन लौटने के बाद आतिशी बल्लेबाज ऋचा घोष (49*) ने मोर्चा संभाला और एक बहुत ही तेजतर्रार पारी खेली।
ऋचा ने अपने 49 रनों में से 42 रन तो चौकों-छक्कों से ही बनाए। उनके अलावा भारती फुलमाली भी 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 216 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रबोदा ने एक-एक विकेट हासिल किया। 217 रनों के भारी-भरकम लक्ष्य के सामने श्रीलंका की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। 18 रन पर इमेशा दुलानी (3) का पहला विकेट गिरने के बाद हसिनी परेरा भी खाता खोले बिना चलती बनीं। इसके बाद श्रीलंकाई बल्लेबाजों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हो गया।
कप्तान चमारी अट्टापट्टू (29) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 25 से अधिक रन नहीं बना पाया। कविशा दिलहारी (11), हर्षिता समरविक्रमा (0), हंसिमा करूणारत्ने (1), विकेटकीपर कौशानी नुथ्यांगना (14), काव्या कविंदी (2), सुगंधिका कुमारी (3) और मिताली अयोध्या (0) सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। चामुडी प्रबोदा 0 पर नाबाद रहीं। श्रीलंकाई टीम 70 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुँच सकी और 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑल आउट हो गई।
भारतीय गेंदबाजों में दीप्ति शर्मा सबसे सफल रहीं, जिन्होंने 3 विकेट लिए। दीप्ति के अलावा श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी और शेफाली वर्मा ने दो-दो विकेट लिए। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले भारत ने 2022 एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था।