जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी का एकतरफा जलवा देखने को मिला, जहां पुरुष और महिला दोनों टीमों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में डबल गोल्ड मेडल्स डाल दिए। महिला टीम की शानदार खिताबी जीत के बाद, पुरुष टीम ने भी फाइनल में ईरान को 40-34 से धूल चटाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। गौरतलब है कि महिला टीम ने भी फाइनल में ईरान को ही शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ भारत ने एशियाई कबड्डी में अपना वर्चस्व कायम रखा, जबकि ईरान को दोनों वर्गों में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। वहीं, पुरुष वर्ग में थाईलैंड व चीनी ताइपे और महिला वर्ग में नेपाल व चीनी ताइपे ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। पूरी टीम को बधाई देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने X पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हम सभी के लिए विशेष रूप से गर्व का विषय है कि भारत की इस दमदार टीम में हरियाणा के 8 बेटे भी शामिल हैं। आप सभी की मेहनत, लगन और अद्भुत खेल कौशल ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है।"
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक पोस्ट में लिखा कि हमारी पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके खिलाड़ियों के बेहतरीन कौशल, टैलेंट और कभी न हार मानने वाले जज्बे का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इस कामयाबी पर गर्व है। उन्होंने टीम को बधाई दी और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं। एशियन गेम्स में कबड्डी में भारत के दबदबे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुरुष टीम ने अब तक 9 स्वर्ण पदक और महिला टीम ने भी 4 बार गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया है।