मध्य प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर जिले के प्रभारी मंत्री का दायित्व छोड़ दिया है। उनके स्थान पर अब राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य काश्यप को इंदौर का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
तीन जिलों का प्रभार संभालने वाले पहले कैबिनेट मंत्री
इस नई नियुक्ति के साथ ही रतलाम शहर से वर्ष 2013 से लगातार विधायक रहे चेतन्य काश्यप के पास अब एक साथ तीन जिलों, इंदौर, भोपाल और राजगढ़ का प्रभार आ गया है। वे संभवतः मध्य प्रदेश सरकार के पहले ऐसे कैबिनेट मंत्री बन गए हैं, जिन्हें एक साथ तीन महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
इस संबंध में मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। उप सचिव शैलेंद्र कुमार हनोतिया के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश (क्रमांक: एफ/GAD/4/002/2023 GAD-1-01) में कहा गया है कि, "राज्य शासन एतदद्वारा श्री चेतन्य काश्यप, मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग को जिला इंदौर का भी प्रभारी मंत्री नियुक्त करता है।" इस आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव सहित प्रदेश के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को भेज दी गई है।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में जब मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा गया था, तब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर्थिक राजधानी इंदौर की कमान अपने पास ही रखी थी। हालांकि, अब इस बदलाव के पीछे की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2025 के अंत में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी का मामला काफी गरमाया था। उस समय इंदौर का प्रभार मुख्यमंत्री के पास होने के कारण विपक्षी दल कांग्रेस ने उन पर निशाना साधा था।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दी बधाई
नई जिम्मेदारी मिलने पर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने चेतन्य काश्यप को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, "मध्यप्रदेश शासन द्वारा माननीय श्री चेतन्य काश्यप जी को जिला इंदौर का प्रभारी मंत्री नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। विश्वास है कि आपके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में इंदौर विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।"