अदालत का बड़ा आदेश, ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले फूड प्रोडक्ट्स पर लगेंगे लाल षट्कोणीय चेतावनी लेबल

यह मामला 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम की संस्था की ओर से दायर जनहित याचिका (PIL) से जुड़ा है। याचिका में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर सामने की तरफ स्पष्ट पोषण संबंधी चेतावनी लगाने की मांग की गई थी।

अदालत का बड़ा आदेश, ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले फूड प्रोडक्ट्स पर लगेंगे लाल षट्कोणीय चेतावनी लेबल

बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद खाने-पीने के उत्पादों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है।

Share:

Highlights

  • सुप्रीम कोर्ट की बेंच का फैसला, एक चेतावनी काफी नहीं, हाई शुगर, सॉल्ट और फैट के लिए अलग लाल लेबल जरूरी।
  • चेतावनी लेबल के पोषण मानकों में बदलाव की मांग, अदालत ने कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाने को कहा।
  • प्रत्येक लाल षट्कोण पैकेट के सामने वाले मुख्य डिस्प्ले हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरना चाहिए।

बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद खाने-पीने के उत्पादों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार एवं भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को आदेश दिया है कि वे ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य पदार्थों के सामने स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाएं। कोर्ट ने इसके लिए लाल रंग के षट्कोण (Hexagon) वाले अलग-अलग चेतावनी निशान अनिवार्य करने का निर्देश भी दिया है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को उत्पाद खरीदते समय उसमें मौजूद हानिकारक तत्वों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है।

जस्टिस जे. बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने साफ किया कि चेतावनी के लिए केवल एक निशान नहीं होना चाहिए। प्रत्येक तत्व के लिए अलग-अलग लाल षट्कोण लेबल लगाए जाएं। इसमें संबंधित तत्व की तस्वीर के साथ मोटे और साफ अक्षरों में हाई शुगर, हाई सॉल्ट और हाई फैट लिखा होना चाहिए। इससे ग्राहक पैकेट के सामने ही समझ सकेंगे कि किसी उत्पाद में किस पोषक तत्व की मात्रा ज्यादा है। सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी लेबल के आकार को लेकर भी निर्देश दिए हैं। अदालत के मुताबिक, प्रत्येक लाल षट्कोण पैकेट के सामने वाले मुख्य डिस्प्ले हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरना चाहिए। इसके अलावा, चेतावनी में लिखे शब्दों का फॉन्ट इतना बड़ा और साफ होना चाहिए कि सामान्य खरीदारी के दौरान ग्राहक उसे आसानी से पढ़ सकें।

अदालत ने चेतावनी तय करने के लिए इस्तेमाल होने वाले पोषक तत्वों के मानकों में भी बदलाव करने को कहा है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि चीनी और फैट की मात्रा तय करते समय केवल ऊपर से मिलाई गई चीनी (Added Sugar) और फैट (Added Fat) के बजाय कुल चीनी (Total Sugars) और सैचुरेटेड फैट (Saturated Fat) को आधार बनाया जाए। नमक को भी इस व्यवस्था में शामिल रखा जाएगा। साथ ही, FSSAI को वैज्ञानिक और प्रामाणिक आधार पर इन पोषक तत्वों की सीमा (Threshold) दोबारा तय करने को कहा गया है, ताकि चेतावनी का दायरा न तो बहुत व्यापक हो और न ही बहुत सीमित।

यह मामला 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम की संस्था की ओर से दायर जनहित याचिका (PIL) से जुड़ा है। याचिका में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर सामने की तरफ स्पष्ट पोषण संबंधी चेतावनी लगाने की मांग की गई थी। इससे पहले FSSAI ने चेतावनी लेबल को लेकर एक प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें कई पोषक तत्वों के लिए एक संयुक्त निशान लगाने की बात थी। सुप्रीम कोर्ट ने अब इस व्यवस्था को स्पष्ट करते हुए हर पोषक तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने का निर्देश दिया है।

रिलेटेड टॉपिक्स