जापान के आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों में आज भारत ने अपनी पदक तालिका में इजाफा करते हुए कुछ और मेडल अपने नाम किए। भारत की मनप्रीत कौर ने महिलाओं की शॉट पुट प्रतियोगिता में 17.17 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उन्होंने चौथे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल कर पदक तालिका में जगह बनाई।
चीन की जियायुआन सोंग ने 19.40 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि लिनरू झांग ने 18.14 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) ने X पर मनप्रीत की एक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 16.32 मीटर के थ्रो से शुरुआत करने के बाद लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार किया। उन्होंने क्रमशः 16.41 मीटर, 16.80 मीटर और अंततः 17.17 मीटर का थ्रो किया।
फेडरेशन ने आगे कहा कि हर राउंड के साथ उनका प्रदर्शन बेहतर होता गया और दबाव के बावजूद उन्होंने आखिरी थ्रो तक ब्रॉन्ज मेडल के स्थान पर अपना कब्जा बनाए रखा, जिससे भारत को महिलाओं के शॉट पुट इवेंट में एशियन गेम्स का मेडल मिला। इसके साथ ही फेडरेशन ने फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करने वाली कृष्णा जयशंकर की भी सराहना की, जो 16.57 मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
दूसरी तरफ टेबल-टेनिस से भी भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इस बीच, आज टेबल टेनिस से भी एक अच्छी खबर मिली। भारत के मानुष शाह और दिया चितळे की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। उन्हें सेमीफाइनल में चीन के सुन यिंगशा और वांग चुकिन से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। ब्रॉन्ज जीतने के बाद मानुष और दिया को हर तरफ से बधाई मिल रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "एशियन गेम्स में भारतीय टेबल टेनिस के लिए गर्व का पल! एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मनुष शाह और दिया चितळे को बधाई। इस जोड़ी ने चीन की मजबूत जोड़ी के सामने जबरदस्त संयम और लड़ने का जज्बा दिखाया। यह उपलब्धि भारतीय टेबल टेनिस के लिए और भी कई सफलताओं की प्रेरणा बने। जय हिंद!"
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने भी X पर लिखा, "भारतीय टेबल टेनिस के लिए गौरवशाली पोडियम फिनिश! एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मानुष शाह और दिया चितळे को बहुत-बहुत बधाई। गुजरात के लिए यह एक खास पल है क्योंकि वडोदरा के मानुष शाह ने दिया चितळे के साथ मिलकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है। आपके हुनर, संयम और बेहतरीन तालमेल ने देश का मान बढ़ाया है। ऐसे ही चमकते रहें और कई और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहें!" भारत के ही गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ का फाइनल 28:29.38 में पूरा करके सिल्वर मेडल जीत लिया है।