प्रधानमंत्री मोदी के नाम नया रिकॉर्ड, कैबिनेट द्वारा स्टैंडिंग ओवेशन और उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पारित

जानकारी के अनुसार, इस सम्मान प्रस्ताव को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पेश किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी के नाम नया रिकॉर्ड, कैबिनेट द्वारा स्टैंडिंग ओवेशन और उनके सम्मान में एक प्रस्ताव पारित

प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस सम्मान के लिए सभी कैबिनेट मंत्रियों का आभार जताया।

Share:

Highlights

  • इस अवसर पर पीयूष गोयल ने कहा की हम सभी प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच के लिए उनके आभारी है।
  • इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को उनकी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
  • मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर आज एक बैठक में NDA शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज का दिन बड़ा ही विशेष है। जैसा कि सभी जानते हैं, वो 10 जून को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में एक नया रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसी कड़ी में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पेश किया गया। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री मोदी का खड़े होकर अभिवादन भी किया। इस स्टैंडिंग ओवेशन का एक छोटा सा वीडियो X पर जारी करते हुए, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, "आज कैबिनेट ने आभार व्यक्त करते हुए खड़े होकर सम्मान प्रकट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में यह कीर्तिमान, इतिहास की किताबों में दर्ज केवल एक रिकॉर्ड से कहीं अधिक है।"

उन्होंने आगे लिखा, "यह एक उभरते हुए भारत की कहानी है, जिसमें आकांक्षाओं को अवसर मिले हैं और देश के हर कोने तक विकास पहुँचा है। हम उनके आभारी हैं, उनकी दूरदर्शी सोच के लिए। बड़े और साहसी सुधारों को आगे बढ़ाने के साहस के लिए और बार-बार यह साबित करने के लिए कि परिवर्तनकारी नेतृत्व देश की किस्मत बदल सकता है। 'विकसित भारत' के निर्माण के प्रति हमारा सामूहिक संकल्प और मजबूत हो रहा है।"

प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी उन्हें बधाई देते हुए X पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "नरेंद्र मोदी को बधाई, जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की संयुक्त रूप से शुरुआत करना खुशी की बात रही है। यह साझेदारी भविष्य की ओर देखते हुए हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने पर केंद्रित है।"​

इस प्रस्ताव में मोदी सरकार की कुछ प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है। इनमें जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाना, GST लागू करना, वक्फ कानून में संशोधन, तीन तलाक के खिलाफ कानून, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपेरशन सिंदूर जैसे कई महत्वपूर्ण कदम शामिल हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इस पारित प्रस्ताव के अंत में ये लिखा है कि, "इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता है। गरीबों के कल्याण और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए उनके नेतृत्व में किए गए कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करता है। माननीय प्रधानमंत्री की उन नीतियों की सराहना करता है, जिनकी बदौलत भारत में 25 करोड़ से अधिक गरीब लोग उनके नेतृत्व में गरीबी को मात देने में सफल हुए हैं।

राष्ट्र सेवा के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण और अथक परिश्रम के लिए आभार व्यक्त करता है। समावेशी विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में किए गए उनके प्रयासों की सराहना करता है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और भारत के हितों की रक्षा करने में उनके नेतृत्व की प्रशंसा करता है। 'विकसित भारत' के निर्माण के लिए उनके दूरदर्शी संकल्प और नेतृत्व के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त करता है। पारित प्रस्ताव का समापन प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के साथ होता है। यह दृढ़ विश्वास व्यक्त करता है कि श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक आत्मनिर्भर, सुरक्षित, समृद्ध और गौरवशाली राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ेगा।"

रिलेटेड टॉपिक्स