भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम की घोषणा, स्मृति ईरानी, बिप्लब देब और संजय भाटिया बने महामंत्री

तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और राजीव बब्बर को नॉर्थ-ईस्ट सह कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। भाजपा मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को ऑल सेल्स कोऑर्डिनेटर एवं ऋतुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी को ऑल सेल्स जॉइंट कोऑर्डिनेटर्स बनाया गया है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम की घोषणा, स्मृति ईरानी, बिप्लब देब और संजय भाटिया बने महामंत्री

स्मृति ईरानी मोदी सरकार का एक प्रमुख चेहरा रही है, वहीं विनोद तावड़े भी राष्ट्रीय महामंत्री बने रहेंगे।

Share:

Highlights

  • मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
  • मध्य प्रदेश से गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है।
  • मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है।

जिस खबर का लंबे समय से इंतजार था, वह आखिरकार आ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान कर दिया गया है। जिन नामों को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, उनमें से कुछ नाम वाकई सूचियों में सामने आए हैं। 

राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की बात करें तो इस लिस्ट में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, राम माधव, राज्यसभा के पूर्व सदस्य और मौजूदा लोकसभा सदस्य बैजयंत पांडा, BJP की आंध्र प्रदेश की पूर्व अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी, वर्षाबेन दोषी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. भारती पवार, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, एम. नागराज, तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र शामिल हैं। मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और गोहद से पूर्व विधायक लाल सिंह आर्य भी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर काम करेंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के रूप में बी.एल. संतोष अपने पद पर बने रहेंगे। वहीं, शिवप्रकाश और सौदान सिंह भी राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के रूप में अपना कार्यभार संभालते रहेंगे। बात करें, राष्ट्रीय महामंत्रियों की, जो काफी महत्वपूर्ण पद है, तो इनमें विनोद तावड़े, सुनील बंसल, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, डॉ. सतीश पूनिया, हरीश द्विवेदी, संजय भाटिया जैसे नाम शामिल हैं।

स्मृति ईरानी की भी वापसी हुई है और उन्हें भी राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर नियुक्त किया गया है। 2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की अमेठी संसदीय सीट हारने के बाद वे कुछ समय के लिए चर्चा से दूर हो गई थीं। हालांकि, उन्होंने पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई थी और उस राज्य में बीजेपी के लिए जोर-शोर से प्रचार किया था।

स्मृति ईरानी इससे पहले BJP महिला मोर्चा की अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव रह चुकी हैं। वे अगस्त 2011 से मई 2019 तक राज्यसभा सांसद और मई 2019 से जून 2024 तक लोकसभा सांसद भी रहीं। मोदी 1.0 और 2.0 कैबिनेट में उन्होंने महिला एवं बाल विकास, अल्पसंख्यक मामलों, टेक्सटाइल्स और सूचना एवं प्रसारण जैसे मंत्रालय संभाले थे। स्मृति के अलावा हरीश द्विवेदी, संजय भाटिया और डॉ. सतीश पूनिया के नाम भी पहले से ही चर्चा में थे। मध्य प्रदेश से गजेंद्र सिंह पटेल भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं।

राष्ट्रीय सचिवों में के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं। मध्य प्रदेश की कविता पाटीदार को भी राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 

वहीं, तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है। डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और राजीव बब्बर को नॉर्थ-ईस्ट सह कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। BJP मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को ऑल सेल्स कोऑर्डिनेटर एवं ऋतुराज सिन्हा और विष्णु वर्धन रेड्डी को ऑल सेल्स जॉइंट कोऑर्डिनेटर्स बनाया गया है। डॉ. हेमांग जोशी​ को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को बधाई देते हुए ट्वीट किया, "भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ ही उन सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई, जिन्हें पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस ऊर्जावान टीम के पास जहां संगठन का भरपूर अनुभव है, वहीं जमीनी जुड़ाव भी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे ये साथी पूरे समर्पित भाव से पार्टी को मजबूत करने के साथ ही जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। सभी को मेरी ढेर सारी शुभकामनाएं।"

रिलेटेड टॉपिक्स