अरुणाचल प्रदेश में संदिग्ध उग्रवादी हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद, 4 घायल

इससे पहले, मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के दो उग्रवादी मारे गए थे और दो अन्य घायल हो गए थे।

अरुणाचल प्रदेश में संदिग्ध उग्रवादी हमले में असम राइफल्स का एक जवान शहीद, 4 घायल

असम राइफल्स ने अपने इस बहादुर सैनिक को दी श्रद्धांजलि।

Share:

Highlights

  • हवलदार जंगखोकाई कुकी इस हमले में वीरगति को हुए प्राप्त।
  • हमले के पीछे NSCN (K-YA) का हाथ होने की आशंका।
  • हमले के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में चलाया अभियान।

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर गश्त कर रही असम राइफल्स की टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। इस दुखद घटना में हवलदार जंगखोकाई कुकी वीरगति को प्राप्त हुए और 4 अन्य जवान घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 6.30 बजे नामपोंग सर्कल के नामपोंग नाला के पास हुई, जब 21 असम राइफल्स के जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे जहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है। शुरुआती रिपोर्टों में उग्रवादी संगठन नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (K-YA) का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि हमलावरों की पहचान को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। असम राइफल्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शहीद हवलदार जंगखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि वे अपने बहादुर सैनिक को नमन करते हैं। असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा (AVSM, SM) और बल के सभी रैंक के जवानों की ओर से हवलदार जंगखोकाई कुकी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संदेश में बताया गया कि हवलदार कुकी ने 29 सितंबर 2026 को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में कर्तव्य पालन के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

इसके साथ ही, महानिदेशक और सभी जवानों ने बहादुर सैनिक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि पूरा असम राइफल्स बल इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। बताया जा रहा है कि हमले के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत दोषियों का पता लगाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया और सीमावर्ती इलाके को सुरक्षित किया। इससे पहले, मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भारतीय सेना और असम राइफल्स की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UKNA) के दो उग्रवादी मारे गए थे और दो अन्य घायल हो गए थे।

रिलेटेड टॉपिक्स