30 नवंबर से फिर संसद की बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर रहेंगी सबकी निगाहें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50% तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर विचार हो रहा है। सीटों में इस संभावित बढ़ोतरी के बावजूद, राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखने के विकल्प पर भी मंथन चल रहा है। इस पूरी कवायद में सबसे बड़ी चुनौती लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है। लोकसभा की कुल 543 सीटों में से तीन सीटें फिलहाल खाली हैं, यानी सदन में अभी 540 सांसद हैं।

30 नवंबर से फिर संसद की बैठक, महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर रहेंगी सबकी निगाहें

परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चाएं तेज हो गई है।

Share:

Highlights

  • सरकार ने 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू करने का फैसला किया है।
  • कांग्रेस ने सांसदों को दिल्ली बुलाया है और NCP (SP) ने व्हिप जारी किया है।
  • DMK ने नया विधेयक देखने के बाद समर्थन पर फैसला लेने की बात कही है।

केंद्र सरकार ने संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की यह बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने X पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, "सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।"

हालांकि, संसद सत्र दोबारा बुलाने के पीछे की ठोस वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन परिसीमन और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि सरकार ने कुछ महीनों पहले लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया था। इस विधेयक में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रस्ताव था। हालांकि, मतदान के दौरान यह विधेयक जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे।

क्या है नया प्रस्ताव और संख्याबल का गणित?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50% तक बढ़ोतरी करने के प्रस्ताव पर विचार हो रहा है। सीटों में इस संभावित बढ़ोतरी के बावजूद, राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखने के विकल्प पर भी मंथन चल रहा है। इस पूरी कवायद में सबसे बड़ी चुनौती लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है। लोकसभा की कुल 543 सीटों में से तीन सीटें फिलहाल खाली हैं, यानी सदन में अभी 540 सांसद हैं। ऐसे में किसी भी संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए कम से कम 360 सांसदों का समर्थन आवश्यक है। 

वर्तमान में भाजपा के नेतृत्व वाले NDA के पास कुल 320 सांसद हैं। यदि इसमें NCP (SP) के 8 और DMK के 22 सांसदों को भी जोड़ लिया जाए, तो यह आंकड़ा 350 तक ही पहुंचता है। सूत्रों के अनुसार, YSRCP के 4 सांसद समर्थन देने के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके बावजूद कुल संख्या 354 ही होगी। लिहाजा, विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को कुछ अन्य दलों के समर्थन या मतदान के दौरान उनके अनुपस्थित रहने (Abstention) की जरूरत हो सकती है। 

DMK का रूख : पहले बिल आने दीजिए

संसद के इस विशेष सत्र को लेकर DMK के प्रवक्ता टी.के.एस. एलंगोवन ने अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि हमने पुराने बिल का विरोध किया था। यदि नया बिल स्वीकार करने योग्य होगा, तो हम इसका समर्थन करेंगे। पहले बिल को सदन में आने दीजिए, उसके बाद ही हम देखेंगे कि सरकार ने इसमें क्या बदलाव किए हैं और क्या इसका राज्यों के हितों पर कोई असर पड़ता है।

इस मुद्दे पर राज्यों और क्षेत्रीय दलों को सोच-समझकर फैसला लेना होगा। हमें देखना होगा कि नया परिसीमन और यह संशोधित बिल किस रूप में सामने आता है। इसे पढ़ने के बाद ही हम कोई टिप्पणी कर पाएंगे। यदि यह हमारे अनुकूल है और इसमें हमारे सुझावों को भी शामिल किया गया है, तो हम इसे जरूर स्वीकार करेंगे। फिलहाल हमें बिल के आने का इंतजार है।

विपक्षी दलों की तैयारी और व्हिप जारी

कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी सांसदों से 29 नवंबर को दिल्ली में मौजूद रहने को कहा है। उनसे 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक दिल्ली में उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। NCP-SCP ने एक व्हिप जारी किया है, जिसमें पार्टी के लोकसभा सांसदों को निर्देश दिया गया है कि वे सोमवार, 30 नवंबर से शुक्रवार, 4 दिसंबर, तक लोकसभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और पार्टी के रुख का समर्थन करें।

जयराम रमेश का केंद्र पर तीखा हमला

दूसरी ओर, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने X पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि पीएम-एचएम की षड्यंत्रकारी जोड़ी हमेशा की तरह झूठ फैला रही है। महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तुरंत लागू करने की मांग की थी।

लेकिन उनकी मांग को ठुकरा दिया गया और 16 अप्रैल 2026 की रात 10:40 बजे तक कानून की अधिसूचना जारी नहीं हुई थी, जिसे बाद में अचानक कर दिया गया। इसलिए यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है। महिला आरक्षण तो पहले से ही कानून बन चुका है, लेकिन पीएम-एचएम की जोड़ी ने इसे तीन साल से ज्यादा समय से ठंडे बस्ते में डाल रखा है।

उन्होंने दावा किया कि विशेष सत्र का असली मक़सद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है ताकि लोगों की आवाज़ दबाई जा सके। और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी? क्या यह पूरी तरह सवालों के घेरे में आ चुके और बुरी तरह बेनकाब हो चुके मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दी जा सकती है, जिन्होंने मतदाता सूचियां तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का मजाक बनाकर रख दिया है और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को तार-तार कर दिया है।

इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी को अंजाम देने वालों को ही अब परिसीमन करने और निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलने की ताकत कैसे दी जा सकती है? इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है! यह चारों तरफ से घिरे, घबराए और बौखलाए प्रधानमंत्री द्वारा हताशा में उठाया गया कदम है। लेकिन इसका पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला किया जाएगा।

रिलेटेड टॉपिक्स