प्रधानमंत्री मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से की मुलाकात, शानदार प्रदर्शन को सराहा

इस मुलाकात का एक वीडियो आज YouTube पर भी सामने आया है। इस मौके पर केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खड़से और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद पी.टी. उषा भी मौजूद थीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से की मुलाकात, शानदार प्रदर्शन को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की एक तस्वीर भी की शेयर।

Share:

Highlights

  • कई समस्याओं से उबरकर गोल्ड जीतने के बाद पोडियम पर राष्ट्रगान सुनकर वेटलिफ्टर मीराबाई भावुक हो गई।
  • शॉट पुट में गोल्ड जीतने वाली शर्मिला ने वादा किया की अगले गेम्स में उनके परिवार से तीन मेडल आएंगे।
  • बॉक्सिंग में सिल्वर जीतने वाली लवलीना ने भारत के गलत नक्शे को सही करवाया, जिसकी प्रधानमंत्री ने की तारीफ।

9 अगस्त का दिन कई एथलीटों के लिए जीवन भर की यादें लेकर आया। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) के भारतीय पदक विजेताओं से मुलाकात की। इस मुलाकात का एक वीडियो आज YouTube पर भी सामने आया है। इस मौके पर केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खड़से और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद पी.टी. उषा भी मौजूद थीं।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं पिछले 12-13 वर्षों से इस घर में रह रहा हूँ। अगर कोई ऐसा है जिसका मैंने यहाँ लगातार स्वागत किया है और जिनसे मुलाकात की है, तो वे खिलाड़ी ही हैं। यह सब पिछले 10-12 वर्षों में आपकी कड़ी मेहनत, भारत के लिए लगातार जीत हासिल करने के आपके प्रयासों और सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने की परंपरा के कारण संभव हुआ है। हम खेल और शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में बात करने के लिए स्कूलों में जा सकते थे, लेकिन आपके मेडल उन्हें किसी भी ऐसे संदेश की तुलना में कहीं अधिक प्रेरित करते हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स में शॉट पुट (F57) इवेंट में भारत के लिए गोल्ड जीतने वाली पैरा-एथलीट शर्मिला धनखड़ से प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा, पिछली बार तुमने वादा किया था कि तुम्हारी दोनों बेटियां एथलीट बनेंगी। शर्मिला ने जवाब दिया कि वे अभी छोटी हैं, लेकिन अगले कॉमनवेल्थ गेम्स तक आप देखेंगे कि एक ही घर से तीन मेडल आएंगे। महिलाओं के 48kg वेटलिफ्टिंग में भारत को गोल्ड मेडल दिलाने वाली साइखोम मीराबाई चानू से प्रधानमंत्री ने कहा, बड़ी शान बढ़ाई आपने। आंसू बह रहे थे, ऐसा लग रहा था जैसे आपके आंसुओं की हर एक बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा हो।

इस पर मीराबाई चानू कहती हैं, मैं उस दिन बहुत खुश और इमोशनल थी, खुशी बहुत ज्यादा थी। मैं इसलिए रोई क्योंकि मैं पेरिस ओलंपिक्स में मेडल जीतने से चूक गई थी। मैंने सोचा कि उन चार सालों में मैंने क्या-क्या फेस किया था, लगातार चोटों और परिवार की दिक्कतों से जूझना। यह चार साल का बहुत मुश्किल सफर था। इसलिए, जब मैं पोडियम पर खड़ी हुई, हमारा झंडा फहराते हुए देखा और हमारा राष्ट्रगान बजता सुना, तो मैं अपने आंसू नहीं रोक पाई। आंसू अपने आप बहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं, मैं इसे सिर्फ आपकी पर्सनल अचीवमेंट नहीं मानता। आपकी जीत आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा है।

प्रधानमंत्री ने भारत के लिए बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल जीतने वाली लवलीना बोरगोहेन से भारत के गलत नक्शे वाली घटना के बारे में बात की। लवलीना ने कहा, हमने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। यह आखिरी दिन था, सभी जीत चुके थे और वहां मौजूद सभी लोग भारत से थे। मुझे उस स्थिति के बारे में थोड़ा बुरा लगा, इसलिए मैंने उनसे विनम्रता से बात की और एक अनुरोध किया। वे सहमत हो गए और बदलाव कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, सच कहूं तो आपका वह वीडियो असाधारण है लोग इसे लंबे समय तक याद रखेंगे। दुनिया भर के एथलीट अब हमारे बॉक्सर्स से डरने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "7, लोक कल्याण मार्ग पर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के हमारे शानदार मेडल विजेताओं की मेजबानी करके बहुत खुशी हुई। गेम्स के दौरान उनके अनुभवों के बारे में सुना। उन सभी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता कई युवाओं को प्रेरित करेगी।"

रिलेटेड टॉपिक्स