1 अगस्त का दिन आंध्र प्रदेश के लिए एक खास तोहफा लेकर आया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। बताया जा रहा है कि इसे 5,640 करोड़ रूपए से ज्यादा की लागत से बनाया गया है। इस दौरान उनके साथ आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू समेत कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। आज अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया गया। इस मौके पर, 13,000 आदिवासी महिलाओं और छात्राओं ने पारंपरिक 'धिमसा' नृत्य किया और उत्तरी आंध्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाया।
एयरपोर्ट की कुछ तस्वीरें X पर शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह एक अहम प्रोजेक्ट है जो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा और आंध्र प्रदेश की तरक्की को तेजी देगा। यह एयरपोर्ट बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक टेक्नोलॉजी को एक साथ लाता है ताकि यात्रा का अनुभव शानदार हो। इससे टूरिज्म, व्यापार, निवेश और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। टर्मिनल बिल्डिंग आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाती है। महान अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर बना यह एयरपोर्ट हमारी विरासत पर गर्व और भविष्य के प्रति उम्मीद की भावना का प्रतीक है।"
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने भोगपुरम में 17,900 करोड़ रूपए से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी, उनका उद्घाटन किया और उन्हें देश को समर्पित किया। इनमें विशाखापत्तनम के तारलुवाड़ा में एडवांस्ड सिस्टम इन पैकेज टेक्नोलॉजीज (ASIP) सेमीकंडक्टर प्लांट, कुरनूल-IV रिन्यूएबल एनर्जी जोन (REZ) - फेज 1 (4.5 GW के लिए) को जोड़ने वाला ट्रांसमिशन सिस्टम, अनंतपुर (2500 MW) और कुरनूल (1000 MW) में सोलर एनर्जी जोन के लिए ट्रांसमिशन स्कीम और NH-67 पर चार-लेन वाले ताड़ीपत्री बाईपास का निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल थीं।