पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से एक हैरान करने वाली खबर आई है। पुलिस ने आरोपी मीनार मंडल के घर पर छापा मारा, जो पहले सरकारी बस ड्राइवर थे और बाद में पत्थर के व्यवसाय से जुड़ गए। वहां जो मिला उसे देखकर हर कोई दंग रह गया। उनके घर से कम से कम 28 करोड़ रूपए नकद और 15 किलो सोना मिला है। सोने की कीमत भी 21 करोड़ रूपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार, वो पत्थर के व्यापारी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व नेता अनुब्रत मंडल के करीबी सहयोगी टुल्लू मंडल के रिश्तेदार हैं। अनुब्रत मंडल हाल ही में ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हुए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बरामद की गई राशि इतनी अधिक थी कि इस कार्रवाई के दौरान नोट गिनने की पाँच मशीनें खराब हो गईं।
खुद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी कल इसकी तस्वीरें और एक वीडियो X पर साझा किए थे। उन्होंने लिखा, "रेत माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए हमारे कानून लागू करने वाले अधिकारियों का काम तारीफ के काबिल है। पुख्ता जानकारी के आधार पर चलाए गए एक सटीक ऑपरेशन में, बीरभूम पुलिस ने मोहम्मद बाजार पुलिस स्टेशन के तहत अवैध रेत माफिया 'टुल्लू मंडल' उर्फ 'मोहम्मद नजीबुद्दीन' के ठिकाने पर एक बड़ी रेड डाली। इस ऑपरेशन में अवैध रूप से जमा की गई भारी-भरकम संपत्ति का पता चला है: अब तक बरामद कैश: 5.5 करोड़ रूपए (गिनती अभी भी जारी है)। बरामद सोना: 15 किलो।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं इस ऑपरेशन में शामिल पश्चिम बंगाल पुलिस के DGP, बीरभूम पुलिस के SP और बीरभूम जिला पुलिस के जवानों की तेज, पेशेवर और निर्णायक कार्रवाई की दिल से तारीफ करता हूँ। भ्रष्ट लोगों के खिलाफ पश्चिम बंगाल सरकार का अभियान 'भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस पॉलिसी' को अपना मुख्य सिद्धांत मानते हुए जारी रहेगा। यह बात बिल्कुल साफ होनी चाहिए। दागदार अतीत वाला कोई भी व्यक्ति, जिसने सरकारी संसाधनों का शोषण करके और तत्कालीन सत्ताधारी राजनीतिक पार्टी के साथ मिलीभगत करके संपत्ति जमा की है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। जनता की संपत्ति जनता की है और जो लोग इसे लूटेंगे, उन्हें कानून की पूरी सख्ती का सामना करना पड़ेगा। सतर्कता और बिना किसी समझौते के कार्रवाई जारी रहेगी। माफिया सिंडिकेट के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।"
इस पूरे घटनाक्रम के बाद, वर्ष 2024 में संपन्न हुई टुल्लू मंडल की बेटी की भव्य शादी एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गई है। सूत्रों की मानें तो, इस शादी में लगभग 100 करोड़ रूपए का खर्च आया था। इस आयोजन में बंगाली फिल्म जगत की मशहूर हस्तियों के अलावा कुछ बॉलीवुड अभिनेता भी मौजूद थे।