सितंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन देश के कई राज्यों से मानसून की विदा होने का नाम नहीं ले रहा और मूसलाधार बारिश का कहर लगातार जारी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहमतपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ लगातार हो रही बारिश के कारण एक जर्जर मकान की कच्ची दीवार और छप्पर अचानक ढह गए, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मोहन कश्यप, कविता कश्यप और उनके बेटे नानू के रूप में हुई है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट अंजनी कुमार सिंह ने लोगों को सलाह दी है कि वे लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गैर-जरूरी यात्रा से बचें और क्षतिग्रस्त या मिट्टी के बने घरों से दूर रहें। जिनके पास पक्के घर नहीं हैं, उन्हें सुरक्षित इमारतों में आश्रय दिया जाएगा।
रहमतपुर की घटना के बारे में उन्होंने बताया कि अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज्य के 60 से ज्यादा जिले प्रभावित हुए हैं और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में और भारी बारिश का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ ओडिशा और बिहार जैसे राज्यों में भी ऐसी ही स्थिति है। ओडिशा की सुवर्णरेखा एवं जलका नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
वहीं, गंजाम जिले में बाढ़ के तेज बहाव में एक गर्भवती महिला की मदद के लिए जा रही फायर सर्विस की बचाव नौका पलट गई। गनीमत रही कि नौका पर सवार सभी कर्मियों को सुरक्षित बचा लिया गया और कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, इस बाधा के कारण बचाव दल महिला तक समय पर नहीं पहुंच सका। बाद में उसने नदी के दूसरी ओर स्थित एक गांव में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। बिहार की गंडक नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पटना में भारी बारिश और तेज हवाएँ चल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बिहार के कई जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया है।