यूनाइटेड किंगडम (UK) के ग्लासगो में चल रहे 23वें कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के पदकों की संख्या में वृद्धि हुई है। एक बार फिर, भारतीय वेटलिफ्टर्स ने इस उपलब्धि में योगदान दिया है। वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीत लिया है। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
नाइजीरिया की ओमोलोला ओनोम (Omolola Onome) ने कुल 206 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड एवं कनाडा की रेबेका ग्रौलक्स (Rebeka Groulx) ने 178 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। भारोत्तोलन में ही, महिलाओं की 58 किलोग्राम वेट कैटेगरी में भारत की बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 112 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
नाइजीरिया की रफियातू फोलाशादे लावल (Rafiatu Folashade Lawal) ने कुल 229 किलोग्राम वजन के साथ गोल्ड मेडल और कनाडा की एन सोफी टैशेरो (Ann Sophie Taschereau) ने कुल 215 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। पुरूषों की 79 किलोग्राम वेट कैटेगरी में भारत के वल्लुरी अजय बाबू ने स्नैच में 149 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 330 किलोग्राम वजन के साथ सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब हुए हैं।
भारत ने अन्य खेलों में भी पदक जीतने में सफलता पाई है। मेन्स हाई जंप में भारत के सर्वेश कुशारे ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। भारत ने इन खेलों में पहली बार हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता है। पैरा-एथलीट शर्मिला धनखड़ ने महिलाओं के शॉट पुट (F57) इवेंट में 9.81 मीटर के अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। वह पैरा-एथलेटिक्स में भारत की पहली कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट और इन गेम्स में पैरा-एथलेटिक्स मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा-एथलेटिक्स मेडल के लिए भारत के 20 साल के इंतजार को भी खत्म किया। शर्मिला के अलावा भारत की शिल्पा के. शायला ने भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारत अभी मेडल टैली में 10 पदकों (2 गोल्ड, 5 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज) के साथ आठवें नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया 59 पदकों के साथ पहले, इंग्लैंड 32 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 21 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।