भारत के नाम एक और स्वर्ण, सुरुचि और कमलजीत ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड

सुरुचि और कमलजीत के गृह राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "म्हारे धाकड़ खिलाड़ियों ने बढ़ाई तिरंगे की शान। एशियन गेम्स-2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली झज्जर की सुरुचि और रेवाड़ी के कमलजीत को मैं हृदय की गहराइयों से बधाई देता हूँ। आप दोनों की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे हरियाणा को गर्व है।"

भारत के नाम एक और स्वर्ण, सुरुचि और कमलजीत ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के बाद एशियन गेम्स में भारत को मिला दूसरा गोल्ड।

Share:

Highlights

  • भारत ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल मुकाबले में 484.6 पॉइंट्स का स्कोर बनाया।
  • भारत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता है।
  • मिक्स्ड 4 × 400 मीटर रिले में भी कल भारत को सिल्वर मेडल मिला।

जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियन गेम्स से भारत के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। 22 सितंबर के बाद, आखिरकार 25 सितंबर को भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल आ गया है। भारत के शूटर्स सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल के रोमांचक फाइनल मुकाबले में 484.6 पॉइंट्स का स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल जीता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की जीत के बाद, एशियन गेम्स में भारत का यह दूसरा स्वर्ण पदक है। 

दक्षिण कोरिया के सुह्योन होंग एवं चू गा-यून की जोड़ी 478 की पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर रही। ईरान ने 415.8 पॉइंट्स के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस उपलब्धि के बाद दोनों खिलाड़ियों को हर तरफ से बधाई मिल रही है। सुरुचि और कमलजीत के गृह राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "म्हारे धाकड़ खिलाड़ियों ने बढ़ाई तिरंगे की शान। एशियन गेम्स-2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली झज्जर की सुरुचि और रेवाड़ी के कमलजीत को मैं हृदय की गहराइयों से बधाई देता हूँ। आप दोनों की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे हरियाणा को गर्व है।" 

भारत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता है। भारतीय शूटर्स के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष बाळासाहेब पाटिल और नीरज कुमार ने इस टीम इवेंट में कुल 1762-94x स्कोर के साथ सिल्वर मेडल जीता। भारत के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष बाळासाहेब पाटिल और एशियन गेम्स डेब्यूटांट नीरज कुमार को बहुत-बहुत बधाई।"

मिक्स्ड 4 × 400 मीटर रिले में भी कल भारत को सिल्वर मेडल मिला। भारत के मचेतिरा पूवम्मा, विशाल थेनारासु, विथ्या रामराज और मनु थेक्किनालिल साजी ने मिक्स्ड 4 x 400 मीटर रिले फाइनल में 3:14.46 का समय लेकर रजत पदक हासिल किया। बहरीन ने 3:12.87 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि वियतनाम ने 3:14.54 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में भारत की सीमा कुमारी ने 32:50.05 का समय लेकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 में गोल्ड मेडल जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 32:41.54 में सिल्वर मेडल हासिल किया। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने X पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सीमा कुमारी को हार्दिक बधाई। आपके शानदार प्रदर्शन ने इस इवेंट में मेडल के लिए भारत के 16 साल के इंतजार को खत्म कर दिया है। यह आपके खेल के सफर में एक यादगार उपलब्धि और बेहद गर्व का पल है।" इसके अलावा, अनंतजीत सिंह नरुका और परिनाज धालीवाल ने मिक्स्ड स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

रिलेटेड टॉपिक्स