महाराष्ट्र और गुजरात के बाद, अब राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा भी भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में कल रात शुरू हुई बारिश, गुरुवार को भी जारी है, जिससे ट्रैफिक थम गया है और जल-जमाव की समस्या हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
लोगों से कहा गया है कि जब तक जरूरी न हो, वे अपने घरों से बाहर न निकलें। आसमान में बादल छाए हुए हैं और लगातार पानी गिर रहा है। वर्षा के कारण सड़कों की हालत भी खराब हो गई है। हरियाणा के गुरूग्राम में हालात इतने खराब हो गए थे कि नरसिंहपुर गांव के पास NH-48 का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि इसके बाद, नेशनल हाइवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने X पर एक बयान में बताया कि ये घटना उस स्थान पर हुई, जहां गुरूग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी पाइप कलवर्ट पुशिंग का काम कर रही थी। ताजा जानकारी के अनुसार, इसे अभी ट्रायल के तौर पर खोला गया है।
बारिश के कारण दिल्ली के मुनिरका, पीतमपुरा, रोहिणी और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जैसे क्षेत्रों में जलभराव हो गया। रोहिणी के बादली क्षेत्र में बादली गांव अंडरपास के नीचे भी भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है। इसके अतिरिक्त, भारी वर्षा के चलते बुराड़ी बाईपास पर भी जलभराव की सूचना मिली है।
गाजियाबाद के वसुंधरा क्षेत्र में जलभराव के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के चलते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पानी भर गया, जिससे यातायात धीमा हो गया। पानी से भरे हिस्सों में वाहन रेंगते हुए नजर आए, जिसके परिणामस्वरूप कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और जनता को काफी परेशानी हुई। अटल चौक के पास सड़क धंसने से एक कार और एक स्कूटर गड्ढे में गिर गए।
भारी बारिश के चलते नोएडा के सेक्टर 62 स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढह गया, जिससे नीचे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक अन्य घटनाक्रम में, महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बाढ़ के कारण एक बॉटलिंग प्लांट से करीब 3,000 LPG सिलेंडर पाताळगंगा नदी में बह गए।